➤ शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान के लिए पहली फ्यूनिकुलर ट्रॉली को मंजूरी
➤ जनवरी से निर्माण शुरू, जून तक पूरा करने का लक्ष्य
➤ 3.60 करोड़ की लागत से लक्कड़ बाजार को रिज से जोड़ेगा प्रोजेक्ट
शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान तक पहुंच अब और आसान होने जा रही है। सरकार ने लंबे समय से अटकी फ्यूनिकुलर ट्रॉली परियोजना को आखिरकार मंजूरी दे दी है। इस परियोजना का निर्माण कार्य जनवरी से शुरू होकर अगले वर्ष जून तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।
स्मार्ट सिटी मिशन के तहत बनने वाली इस परियोजना पर करीब 3.60 करोड़ रुपये खर्च होंगे। करीब 58 मीटर लंबी फ्यूनिकुलर ट्रॉली लक्कड़ बाजार बस स्टैंड को सीधे रिज मैदान से जोड़ेगी। इस प्रोजेक्ट का कार्य रोपवे ट्रांसपोर्ट डेवलपमेंट कॉरपोरेशन द्वारा किया जाएगा।
इस सुविधा के शुरू होने से शहरवासियों के साथ-साथ पर्यटकों को भी बड़ी राहत मिलेगी। अभी लक्कड़ बाजार से रिज पहुंचने के लिए करीब 200 मीटर की चढ़ाई तय करनी पड़ती है, लेकिन ट्रॉली से यह सफर कुछ ही मिनटों में पूरा होगा।
शिमला हर वर्ष लाखों सैलानियों की मेजबानी करता है। ऐसे में यह फ्यूनिकुलर ट्रॉली न केवल आवाजाही को आसान बनाएगी, बल्कि पर्यटन को नया आकर्षण भी देगी। एक ट्रॉली में एक साथ 25 लोग सफर कर सकेंगे, जिससे भीड़ प्रबंधन में भी मदद मिलेगी।



