Follow Us:

दिसंबर में सूखा हिमाचल, अब तक नहीं गिरी बारिश की एक भी बूंद, आज बरसेगी राहत

➤ दिसंबर में अब तक प्रदेश में एक बूंद भी बारिश नहीं, सभी जिलों में शून्य वर्षा दर्ज
➤ ऊंचाई वाले इलाकों में 21 और 22 दिसंबर को हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार
➤ अगले चार–पांच दिन में अधिकतम तापमान 3 से 7 डिग्री तक गिरने का अनुमान


शिमला: हिमाचल प्रदेश में दिसंबर माह के दौरान अब तक बारिश और बर्फबारी पूरी तरह नदारद रही है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में सामान्य से 100 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। लंबे समय से शुष्क मौसम बने रहने के कारण ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ रहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं, जिनका आंशिक प्रभाव चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है। रविवार और मंगलवार (22 दिसंबर) को इन इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

हालांकि, मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा। शिमला सहित अधिकांश क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। 23 दिसंबर के बाद पूरे प्रदेश में मौसम के फिर से साफ होने के आसार हैं।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि न्यूनतम तापमान में फिलहाल बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन ऊंचाई वाले इलाकों में रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हो सकती है।

अगले चार से पांच दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 7 डिग्री सेल्सियस तक कमी आने का अनुमान है। इस दौरान कुकुमसेरी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 5.7 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं सोलन में अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

आईएमडी के अनुसार 21 से 24 दिसंबर के बीच बिलासपुर (भाखड़ा डैम क्षेत्र) और मंडी के कुछ हिस्सों में सुबह और देर रात घना कोहरा छा सकता है। वाहन चालकों को सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।