➤ वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राखिल काहलो HPPSC की सदस्य नियुक्त
➤ राज्यपाल की मंजूरी के बाद तत्काल प्रभाव से लागू हुई नियुक्ति
➤ छह साल तक लोक सेवा आयोग में निभाएंगी अहम जिम्मेदारी
हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फैसला लेते हुए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राखिल काहलो को हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग का सदस्य नियुक्त किया है। इस संबंध में मुख्य सचिव संजय गुप्ता की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है। राज्यपाल की स्वीकृति के बाद यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएगी।
वर्तमान में राखिल काहलो राज्य सरकार में सेक्रेटरी जल शक्ति विभाग के पद पर कार्यरत हैं। अब उन्हें आगामी छह वर्षों के लिए HPPSC सदस्य के रूप में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह नियुक्ति ऐसे समय पर हुई है, जब वह 31 जनवरी 2026 को सेवानिवृत्त होने वाली थीं, लेकिन उससे पहले ही उन्हें लोक सेवा आयोग में महत्वपूर्ण भूमिका दे दी गई है।
आईएएस 2008 बैच की अधिकारी राखिल काहलो इससे पहले राज्य सरकार के कई अहम विभागों में सेवाएं दे चुकी हैं। उन्होंने डिविजनल कमिश्नर मंडी, सेक्रेटरी आयुष विभाग, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला, तथा सेक्रेटरी डिजिटल टेक्नोलॉजी एवं गवर्नेंस जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी प्रशासनिक दक्षता का परिचय दिया है।
लोक सेवा आयोग राज्य में विशेष रूप से राजपत्रित पदों के साथ-साथ कुछ अराजपत्रित पदों की भर्ती परीक्षाएं आयोजित करता है। ऐसे में HPPSC सदस्य के रूप में राखिल काहलो की भूमिका भर्ती परीक्षाओं के आयोजन, साक्षात्कार प्रक्रिया, भर्ती नियमों की समीक्षा और चयन से जुड़े निर्णयों में बेहद अहम मानी जा रही है।
प्रशासनिक हलकों में माना जा रहा है कि उनके लंबे अनुभव और बहु-विभागीय कार्यशैली से लोक सेवा आयोग की कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी, प्रभावी और सुदृढ़ बनाया जा सकेगा।



