Follow Us:

हिमाचल टूरिज्म की ब्रांड एम्बेसडर वंशिका परमार ने गिनाए पर्यटन विस्तार के लक्ष्य

➤ हिमाचल टूरिज्म ब्रांड एम्बेसडर वंशिका परमार ने प्रेस वार्ता में रखे पर्यटन विस्तार के लक्ष्य
➤ युवाओं को रोजगार और प्रदेश में मजबूत टूरिज्म इकोसिस्टम पर दिया जोर
➤ बिना किसी शुल्क के हिमाचल का वैश्विक स्तर पर प्रचार कर रहीं वंशिका परमार


शिमला/हमीरपुर: हिमाचल टूरिज्म की ब्रांड एम्बेसडर वंशिका परमार की ओर से शनिवार को एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य हिमाचल प्रदेश के पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।

उन्होंने बताया कि पर्यटन क्षेत्र के विस्तार से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और प्रदेश में एक मजबूत टूरिज्म इको सिस्टम विकसित किया जा सकेगा।

हमीरपुर जिला के नादौन से संबंध रखने वाली वंशिका परमार ने महज 18 वर्ष की आयु में मिस अर्थ 2022 का खिताब जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया था। इसके बाद 2023 में उन्हें हिमाचल पर्यटन विभाग का ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किया गया।

वंशिका परमार ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत और हिमाचल का प्रतिनिधित्व किया है और अब वे दुनिया भर में हिमाचल पर्यटन का प्रचार कर रही हैं। खास बात यह है कि वे बिना किसी चार्ज के हिमाचल के लिए ब्रांड एम्बेसडर की भूमिका निभा रही हैं।

हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि पिछले दो वर्षों से पर्यटन निगम की ओर से अपेक्षित सहयोग और रिस्पॉन्स नहीं मिल पाया है, इसके बावजूद वे प्रदेश के प्रचार के लिए लगातार सक्रिय हैं।