➤ 1 जनवरी 2026 से बैंकिंग, डिजिटल पेमेंट, गैस और सरकारी योजनाओं से जुड़े नियम बदलेंगे
➤ PAN-Aadhaar लिंक, KYC और क्रेडिट स्कोर नियमों में सख्ती से पड़ेगा सीधा असर
➤ सैलरी, लोन EMI और सब्सिडी से जुड़े फैसले आम आदमी की जेब तय करेंगे
हर साल की तरह इस बार भी नया साल केवल कैलेंडर नहीं बदलेगा, बल्कि आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े कई अहम वित्तीय नियमों में बदलाव लेकर आएगा। 1 जनवरी 2026 से बैंकिंग, सैलरी, गैस, डिजिटल पेमेंट, वाहन और सरकारी योजनाओं से जुड़े कई नियम लागू होंगे, जिनका असर सीधे आम आदमी की जेब पर दिखेगा।
PAN-Aadhaar लिंक को लेकर सख्ती
अगर अब तक PAN और Aadhaar लिंक नहीं कराया गया है, तो 1 जनवरी 2026 के बाद बैंकिंग और सरकारी सेवाओं में दिक्कत आ सकती है। टैक्स रिफंड, सब्सिडी, निवेश और कई वित्तीय ट्रांजेक्शन पर रोक लग सकती है।
LPG, CNG और ईंधन कीमतों में बदलाव संभव
हर महीने की पहली तारीख को होने वाली समीक्षा के तहत एलपीजी सिलेंडर, CNG और एविएशन फ्यूल के दाम बदल सकते हैं। इससे घरेलू बजट पर सीधा असर पड़ना तय है।
क्रेडिट स्कोर अब और तेज़ी से अपडेट होगा
नए नियमों के तहत अब क्रेडिट स्कोर हर हफ्ते अपडेट किया जाएगा। लेट पेमेंट करने वालों का स्कोर तुरंत गिर सकता है, जबकि समय पर भुगतान करने वालों को तेज़ी से फायदा मिलेगा।
UPI और डिजिटल पेमेंट पर कड़े नियम
डिजिटल फ्रॉड रोकने के लिए UPI, PhonePe, Google Pay, WhatsApp Pay जैसे प्लेटफॉर्म पर KYC और मोबाइल वेरिफिकेशन को और सख्त किया जाएगा।
सरकारी वेतन और पेंशन पर नजर
2025 के अंत के साथ 7वां वेतन आयोग समाप्त हो रहा है। ऐसे में 2026 में 8वें वेतन आयोग को लेकर चर्चाएं तेज हो सकती हैं, जिससे सैलरी और पेंशन में बदलाव की उम्मीद है।
लोन EMI में राहत के संकेत
रेपो रेट में कटौती के बाद बैंकों ने संकेत दिए हैं कि होम लोन और कार लोन की ब्याज दरें आगे कम हो सकती हैं।
सोशल मीडिया और डिजिटल सुरक्षा नियम
नाबालिगों की ऑनलाइन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उम्र सत्यापन और पैरेंटल कंट्रोल जैसे नियम सख्त हो सकते हैं।
राशन कार्ड और किसान आईडी जरूरी
31 दिसंबर 2025 तक राशन कार्ड e-KYC और किसान आईडी पूरी नहीं होने पर सरकारी योजनाओं और सब्सिडी का लाभ रुक सकता है।



