Follow Us:

पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश कलमाडी का निधन

➤ पूर्व केंद्रीय मंत्री और सीनियर कांग्रेस नेता सुरेश कलमाडी का लंबी बीमारी के बाद निधन
➤ पुणे के दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में चल रहा था इलाज, आज होगा अंतिम संस्कार
➤ सैन्य सेवा, राजनीति और खेल प्रशासन—तीनों क्षेत्रों में रही प्रभावशाली भूमिका


पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेश कलमाडी का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह पुणे के दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में उपचाराधीन थे। उनके निधन से राजनीतिक और खेल जगत में शोक की लहर है।

परिवार सूत्रों के अनुसार, उनके पार्थिव शरीर को दोपहर 2 बजे तक एरंडवाने स्थित कलमाडी हाउस में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद दोपहर 3.30 बजे नवी पेठ स्थित वैकुंठ श्मशान भूमि में अंतिम संस्कार किया जाएगा।

सुरेश कलमाडी कांग्रेस सरकार में केंद्रीय मंत्री रह चुके थे। वर्ष 1995-96 में नरसिम्हा राव सरकार के दौरान उन्होंने केंद्रीय रेल राज्य मंत्री के रूप में रेल बजट प्रस्तुत किया था। इसके अलावा उन्हें भारतीय खेल प्रशासन में एक प्रभावशाली चेहरा माना जाता रहा।

पुणे निवासी कलमाडी ने अपने करियर की शुरुआत राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) से की थी। बाद में उन्होंने भारतीय वायु सेना में पायलट के रूप में छह वर्षों तक सेवा दी। इसके पश्चात वे एनडीए में प्रशिक्षक भी रहे। उन्होंने 1965 और 1971 के युद्ध में सक्रिय भूमिका निभाई थी।

राजनीति में प्रवेश उन्हें संजय गांधी के मार्गदर्शन में मिला। शुरुआत में पुणे में फास्टफूड व्यवसाय से जुड़े रहने वाले कलमाडी ने आगे चलकर महाराष्ट्र युवा कांग्रेस का नेतृत्व किया। वर्ष 1982 में राज्यसभा सांसद बनने के बाद उनका राजनीतिक कद बढ़ता गया।

खेल प्रशासन के क्षेत्र में उन्होंने 1996 में भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभाली और लगातार दो चार-वर्षीय कार्यकालों तक निर्विरोध चुने गए। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय खेल ढांचे में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।