Follow Us:

हिमाचल में बड़ा सड़क हादसा: सिरमौर में बस खाई में गिरी, 12 की मौत, कई घायल, पचास थे सवार

➤ 200 मीटर गहरी खाई में लुढ़की निजी बस

➤ 50 से ज्यादा यात्री थे सवार, महिलाएं-बच्चे भी शामिल

➤ स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा, घायलों को पहुंचाया अस्पताल


हरिपुरधार (सिरमौर)।हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। शिमला से कुपवी जा रही एक निजी बस अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

इस हादसे में 12 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

हादसे की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे लोग।

बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। दुर्घटना दोपहर करीब 2:45 बजे उस समय हुई, जब बस कुपवी से करीब 28 किलोमीटर पहले पहाड़ी मोड़ पर संतुलन खो बैठी।

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना देर किए राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को निजी वाहनों की मदद से हरिपुरधार अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से मृतकों की आधिकारिक पुष्टि की प्रक्रिया जारी है।