Follow Us:

हिमाचल में बदलेगा मौसम, 16 जनवरी से बर्फबारी की संभावना

16 जनवरी से वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय
ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना
शीतलहर और कोहरे का अलर्ट जारी


 हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 16 जनवरी से वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है, जिसका असर अगले 48 घंटे तक प्रदेश में देखने को मिलेगा। इसके चलते राज्य के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

IMD के मुताबिक चंबा, किन्नौर, लाहौल-स्पीति और कुल्लू जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इन इलाकों में तापमान पहले से ही शून्य से नीचे चल रहा है, ऐसे में बर्फ गिरने के बाद ठंड और ज्यादा बढ़ेगी। वहीं, निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम के साफ रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने शीतलहर को लेकर बिलासपुर और हमीरपुर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि ऊना, चंबा, कांगड़ा और मंडी जिलों के लिए यलो अलर्ट दिया गया है। इससे सुबह-शाम और रात के समय कड़ाके की सर्दी पड़ने की आशंका है।

प्रदेश के जनजातीय क्षेत्र कुकुमसैरी में तापमान माइनस 10.8 डिग्री तक गिर गया है, जो इस समय हिमाचल का सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है। वहीं ताबो में तापमान माइनस 6.7, कल्पा में माइनस 2.0, मनाली में माइनस 1.1 और भुंतर में माइनस 0.1 डिग्री दर्ज किया गया है।

इसके अलावा पालमपुर और सोलन में तापमान 0 डिग्री, जबकि मंडी के सुंदरनगर में 1.0 डिग्री तक गिर गया है। कुल मिलाकर प्रदेश के 23 शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री या उससे नीचे चला गया है।

मौसम विभाग ने शिमला, किन्नौर, कुल्लू और लाहौल-स्पीति को छोड़कर बाकी सभी जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट भी जारी किया है। इससे सुबह करीब 10 बजे तक कई जगह विजिबिलिटी 50 मीटर तक गिर सकती है, जिससे यातायात पर असर पड़ सकता है।

शीतलहर और कोहरे के चलते पहाड़ों से लेकर मैदानों तक ठंड का असर साफ तौर पर महसूस किया जा रहा है। लोगों को सुबह-शाम घरों से बाहर निकलने में परेशानी हो रही है, वहीं प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।