Follow Us:

छह दिन तक बिगड़ा रहेगा हिमाचल का मौसम, 19-20 को ज्यादा असर

➤ पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से छह दिन तक बारिश-बर्फबारी के आसार
➤ 19-20 जनवरी को प्रदेशभर में मौसम का सबसे ज्यादा असर
➤ मैदानी जिलों में शीतलहर का प्रकोप अगले 24 घंटे जारी


हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आज शुक्रवार से अगले छह दिन तक प्रदेश में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार 19 और 20 जनवरी को बारिश और बर्फबारी का असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा। इससे प्रदेश में चल रहा ड्राई स्पेल टूटने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि 16 से 18 जनवरी के बीच अधिकतर ऊंचे और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ही बारिश व बर्फबारी होगी। जबकि 19 जनवरी को मौसम का प्रभाव और व्यापक हो सकता है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।

ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी का अनुमान लगाया गया है, हालांकि शिमला, कुफरी, नारकंडा और मनाली जैसे पर्यटन स्थलों पर भारी बर्फबारी के फिलहाल कम ही आसार हैं।

मौसम में बदलाव से तापमान में गिरावट आएगी और ठंड बढ़ेगी। फिलहाल प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से 3–4 डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहे हैं।

वहीं मंडी, हमीरपुर, कांगड़ा, बिलासपुर और ऊना जैसे मैदानी जिलों में शीतलहर का प्रकोप अगले 24 घंटे तक जारी रहने की संभावना है।