➤ शिमला में आधा फीट, कुफरी-नारकंडा में 1–1 फीट से अधिक बर्फ जमी
➤ 24 घंटे में तापमान 13 डिग्री गिरा, कई सड़कें और बिजली ट्रांसफॉर्मर ठप
➤ पर्यटकों की भीड़ बढ़ी, कई क्षेत्रों का संपर्क कटा, स्कूल बंद
हिमाचल प्रदेश में मौसम ने फिर करवट ली है। शुक्रवार से शुरू हुई बारिश और बर्फबारी का असर शनिवार तक जारी रहने का अनुमान है। शिमला के जाखू में करीब आधा फीट बर्फ गिरी, जबकि कुफरी और नारकंडा में एक फीट से अधिक बर्फ जम चुकी है। मनाली में भी आधा फीट से ज्यादा हिमपात दर्ज किया गया।

लगातार बर्फबारी से चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के कई इलाकों का संपर्क कट गया है। अपर शिमला के ठियोग, रोहड़ू, रामपुर और चौपाल में वाहनों की आवाजाही ठप रही। भरमौर और पांगी समेत दूरदराज क्षेत्रों में सड़क संपर्क टूट गया

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने से 23 से 27 जनवरी तक रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी जारी रह सकती है। बीते 24 घंटों में प्रदेश के तापमान में करीब 13 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 8 डिग्री नीचे चला गया।
राजधानी शिमला में भारी हिमपात के चलते शुक्रवार सुबह ब्लैकआउट जैसे हालात बने रहे। शहर के लगभग 95% इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। प्रदेशभर में 550 से अधिक सड़कें और 950 से ज्यादा ट्रांसफॉर्मर ठप हो गए। 600 से अधिक बस रूट प्रभावित रहे।
खराब मौसम के बीच प्रशासन ने कुल्लू और बंजार उपमंडल में शिक्षण संस्थान बंद रखने के निर्देश दिए हैं। पर्यटकों और स्थानीय लोगों को पहाड़ी क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
ताजा बर्फबारी से पर्यटन स्थलों पर रौनक लौट आई है। बड़ी संख्या में सैलानी हिमाचल पहुंच रहे हैं, जिससे होटल और पर्यटन कारोबार को राहत मिली है। वहीं, किसानों और बागवानों के लिए यह हिमपात फायदेमंद माना जा रहा है।



