➤ नई दिल्ली में डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन समिट में डीडीटीएंडजी सम्मानित
➤ ‘हिम परिवार’ पहल के नवोन्मेषी डिजिटल उपयोग की सराहना
➤ परिवार-आधारित डेटाबेस से योजनाओं का लक्षित लाभ सुनिश्चित
शिमला। हिमाचल प्रदेश के डिजिटल टेक्नोलॉजीज एंड गवर्नेंस (डीडीटीएंडजी) विभाग को नई दिल्ली में आयोजित 6वें गवर्नेंस नाउ डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन समिट एंड अवॉर्ड्स में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने विभाग को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की नवाचार पहल ‘हिम परिवार’ को शासन को सुदृढ़ बनाने और जनसेवा वितरण में सुधार के लिए डिजिटल तकनीकों के प्रभावी उपयोग हेतु सराहा गया है। इस पहल के माध्यम से परिवार-आधारित नागरिक केंद्रित व्यापक डेटाबेस तैयार किया गया है, जिससे लाभार्थियों की सटीक पहचान संभव हो पाई है।
उन्होंने कहा कि इससे कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सही और पात्र वर्गों तक पहुंचाना आसान हुआ है। यह पहल पारदर्शी, तकनीक-आधारित और नागरिक-केंद्रित शासन के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
मुख्यमंत्री ने विभाग द्वारा मजबूत डिजिटल पब्लिक अधोसंरचना विकसित करने और नागरिकों के लिए उपयोगी डिजिटल सेवाएं उपलब्ध करवाने के प्रयासों की सराहना की और भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य जारी रखने की उम्मीद जताई।



