➤ रोहतांग व भरमौर में 6 इंच, कल्पा में 2.5 सेमी ताजा हिमपात
➤ 24 घंटे में औसत अधिकतम तापमान 4.1°C गिरा, भुंतर में 9.7°C की बड़ी गिरावट
➤ मैदानी इलाकों में कोहरा, 4-5 फरवरी को मौसम साफ रहने का अनुमान
शिमला। हिमाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों पर बीती रात ताजा बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश दर्ज की गई। लाहौल-स्पीति के रोहतांग और चंबा के भरमौर में करीब 6 इंच ताजा हिमपात हुआ, जबकि किन्नौर के कल्पा में 2.5 सेंटीमीटर बर्फ गिरी। शिमला के कुफरी, नारकंडा, खड़ापत्थर और किन्नौर के कुछ हिस्सों में भी हल्की बर्फबारी हुई।

ताजा बारिश-बर्फबारी के बाद शिमला-ठियोग-रामपुर नेशनल हाईवे पर फिसलन बढ़ गई है। प्रदेश के अधिकतम तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में औसत अधिकतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस नीचे आया है।
कुल्लू के भुंतर में सबसे ज्यादा 9.7 डिग्री की गिरावट के बाद अधिकतम तापमान 13.5°C रह गया। कल्पा में 8.2 डिग्री गिरकर 2.4°C, शिमला में 5.6 डिग्री गिरकर 11.0°C और सोलन में 5.5 डिग्री गिरकर 15.0°C दर्ज किया गया। इसके बाद प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री नीचे चला गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, आज और कल अधिक ऊंचाई व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। वहीं ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और सिरमौर में मौसम साफ रहने का अनुमान है।
सुबह के समय मैदानी इलाकों में कोहरा छाया रहा। सोलन के कुनिहार में विजिबिलिटी 50 मीटर से नीचे दर्ज की गई। बिलासपुर, सुंदरनगर और हमीरपुर के कुछ हिस्सों में भी हल्का कोहरा रहा।
पूर्वानुमान के मुताबिक 4 और 5 फरवरी को प्रदेशभर में मौसम साफ रहेगा, जबकि 6 फरवरी को फिर ऊंचे पहाड़ों पर मौसम खराब होने और दोबारा बारिश-बर्फबारी के आसार हैं।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी माह में सामान्य से 4% अधिक वर्षा दर्ज की गई। वर्ष 1911 में जनवरी में 246.3 मिमी बारिश का रिकॉर्ड रहा है।



