➤ जिला प्रशासन बिलासपुर की पहल, AI आधारित शिक्षण प्लेटफॉर्म शुरू
➤ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
➤ अकादमिक काउंसलिंग सहित पूर्ण डिजिटल शिक्षण व्यवस्था
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बरठीं में जिला प्रशासन बिलासपुर की अभिनव पहल ‘पढ़ाई विद एआई’ ऐप का शुभारंभ किया। यह AI आधारित डिजिटल शिक्षण प्लेटफॉर्म विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए शुरू किया गया है, जो विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं, बल्कि समाज को नई दिशा देने और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य संवारने का सशक्त माध्यम है। राज्य सरकार शिक्षा में नवाचार और समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ‘पढ़ाई विद एआई’ विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए दूरदर्शी कदम है। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से विद्यार्थियों को समान डिजिटल संसाधन मिलेंगे और निरंतर अकादमिक काउंसलिंग की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि NTPC के सहयोग से इस प्लेटफॉर्म के जरिए विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।



