➤ दो बार बोर्ड परीक्षा योजना के कारण बदला निर्णय
➤ मई–जून की दूसरी परीक्षा के बाद ही जारी होगी अंतिम मेरिट
➤ विद्यार्थियों का मानसिक दबाव कम करने पर जोर
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों के हित में अहम निर्णय लिया है। मार्च 2026 में होने वाली बोर्ड परीक्षा के बाद इस बार मेरिट लिस्ट जारी नहीं की जाएगी। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि मई–जून 2026 में प्रस्तावित दूसरी परीक्षा के परिणाम आने के बाद ही एक साथ अंतिम मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी।
इस वर्ष बोर्ड ने 10वीं कक्षा के लिए दो बार बोर्ड परीक्षा आयोजित करने की योजना लागू की है। जो विद्यार्थी अपने अंकों से असंतुष्ट होंगे या दो मुख्य विषयों में असफल रहेंगे, वे दूसरी परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। इसी व्यवस्था के चलते मार्च परीक्षा के आधार पर मेरिट जारी करने से बाद में संशोधन की स्थिति बन सकती थी, इसलिए यह फैसला लिया गया है।
बोर्ड का मानना है कि इस व्यवस्था से विद्यार्थियों पर अनावश्यक मानसिक दबाव भी कम होगा। पहली परीक्षा में अपेक्षित परिणाम न आने पर विद्यार्थी निराश होने के बजाय दूसरी परीक्षा की बेहतर तैयारी कर सकेंगे। दोनों परीक्षाओं की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विद्यार्थियों के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी।
बोर्ड सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा के अनुसार, पहली परीक्षा मार्च में और दूसरी परीक्षा मई–जून में आयोजित होगी। दूसरी परीक्षा के परिणाम घोषित होने के बाद ही 10वीं कक्षा की मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी।
इधर, शिमला में केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) के लिए आठ परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भीड़ देखने को मिली। प्रवेश से पहले एडमिट कार्ड और पहचान पत्र की सख्ती से जांच की गई। मोबाइल, स्मार्ट वॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध रहा। परीक्षा दो सत्रों में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।



