➤ सरवाला गांव में हुरंग नारायण और वजीर देव पशाकोट का भव्य देव मिलन
➤ सैकड़ों देवलुओं की पदयात्रा, ढोल-नगाड़ों से गूंजा पूरा क्षेत्र
➤ मंडी शिवरात्रि जातर की औपचारिक शुरुआत का संकेत
मंडी उपमंडल की ग्राम पंचायत गवाली के सरवाला गांव में चौहारघाटी के आराध्य देव हुरंग नारायण और उनके छोटे भाई वजीर देव पशाकोट का भव्य मिलन हुआ। इस दिव्य देव मिलन के साथ ही क्षेत्र में मंडी शिवरात्रि जातर की औपचारिक आहट महसूस की गई और पूरे इलाके में धार्मिक उत्साह का माहौल बन गया।
देव मिलन के अवसर पर दोनों देवताओं की अगुवाई में सैकड़ों देवलु पदयात्रा में शामिल हुए। पारंपरिक ढोल-नगाड़ों, रणसिंघों और शहनाइयों की गूंज के बीच निकली यह देव यात्रा सरवाला से आसपास के क्षेत्रों तक भक्तिमय वातावरण फैलाती रही।
देव यात्राओं के दर्शन के लिए सड़क किनारे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। स्थानीय लोगों ने इस अवसर को आस्था, परंपरा और संस्कृति के अद्भुत संगम के रूप में देखा। देव मिलन ने क्षेत्र में शिवरात्रि महोत्सव के आगमन का स्पष्ट संकेत दिया।



