➤ रसोई में घुसकर 59 वर्षीय महिला पर ताबड़तोड़ वार
➤ पैसों के लेनदेन को लेकर वारदात की आशंका
➤ आधे घंटे में आरोपी गिरफ्तार, दराती बरामद
देहरा (कांगड़ा)। जिला कांगड़ा के देहरा उपमंडल की ग्राम पंचायत चनौर स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला में वीरवार दोपहर दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। एक व्यक्ति ने स्कूल में घुसकर मिड-डे मील वर्कर सुलोचना देवी (59) की दराती से हत्या कर दी।
आरोपी की पहचान राकेश कुमार उर्फ मोनू (48) निवासी चनौर के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दीवार फांदकर रसोई तक पहुंचा आरोपी
घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। सुलोचना देवी बच्चों के लिए भोजन तैयार कर परोसने की तैयारी में थीं। इसी दौरान आरोपी स्कूल की पिछली दीवार फांदकर अंदर घुसा और सीधे रसोई की ओर बढ़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसने दराती से महिला पर ताबड़तोड़ वार किए।
सेंटर हेड टीचर सरिता देवी ने बताया कि बच्चों की चीखें सुनकर जब वह मौके पर पहुंचीं तो महिला खून से लथपथ रसोई के बाहर गिरी थीं। आरोपी मौके पर खड़ा धमकियां दे रहा था। शिक्षकों ने तुरंत बच्चों को कमरों में बंद कर सुरक्षित किया।
पास के सीनियर सेकेंडरी स्कूल के अध्यापक भी मौके पर पहुंचे और पत्थर फेंककर आरोपी को भगाया। हालांकि तब तक महिला ने दम तोड़ दिया था।
आधे घंटे में गिरफ्तारी
सूचना मिलने पर डाडासीबा पुलिस मौके पर पहुंची। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। हत्या में प्रयुक्त दराती बरामद कर ली गई है। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस अधीक्षक मयंक चौधरी ने बताया कि आरोपी को वारदात के करीब आधे घंटे बाद उसके घर के पास एक पेड़ के नीचे से गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद सामने आया है। आरोपी पहले भी दिल्ली में मारपीट के मामले में सजा काट चुका है।
पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।



