➤ भरमौर के लोथल गांव में पति ने पत्नी की हत्या कर खुद की आत्महत्या
➤ तेजधार हथियार से वार के बाद फांसी लगाकर दी जान
➤ फॉरेंसिक जांच शुरू, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला के दुर्गम क्षेत्र भरमौर में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। भरमौर विधानसभा क्षेत्र के लोथल गांव में एक व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी की तेजधार हथियार से हत्या कर दी और इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लोथल गांव निवासी सरवन कुमार ने देर रात करीब दो बजे अपनी पत्नी के साथ पहले मारपीट की। इसके बाद किसी तेजधार हथियार से उस पर कई वार किए, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने घर के भीतर ही फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लिया। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सरवन कुमार और उसकी पत्नी मंगलवार शाम को पहले उसके भाई के घर गए थे। आधी रात के बाद दोनों अपने घर लौटे। बताया जा रहा है कि लौटने के कुछ ही समय बाद यह वारदात हुई। घटना के कारणों को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि सरवन कुमार पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुका था, लेकिन उस समय परिजनों ने उसे बचा लिया था। आरोपी की दो बेटियां और 17 वर्षीय एक बेटा है। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा घटना के समय घर पर मौजूद नहीं था।
ग्रामीणों के मुताबिक, सरवन कुमार अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। मृतक महिला घोड़े-खच्चर चलाकर परिवार का पालन-पोषण करती थी और मेहनत-मजदूरी कर घर का खर्च संभाल रही थी। इस दर्दनाक घटना ने परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



