➤ चंद्र ग्रहण का 12 राशियों पर अलग-अलग प्रभाव, कहीं उन्नति तो कहीं सावधानी का संकेत
➤ मेष, सिंह, धनु के लिए अवसरों के द्वार खुलने के योग
➤ वृषभ, मकर, मीन समेत कुछ राशियों को खर्च, तनाव और सतर्कता की सलाह
3 मार्च 2026 को लग रहा साल का पहला चंद्र ग्रहण केवल खगोलीय घटना ही नहीं, बल्कि ज्योतिषीय दृष्टि से भी विशेष महत्व रखता है। यह ग्रहण सिंह राशि में लग रहा है, जिसके कारण 12 राशियों पर इसका प्रभाव अलग-अलग रूप में देखने को मिल सकता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार कुछ राशियों के लिए यह समय उन्नति और सम्मान लेकर आएगा, जबकि कुछ को सावधानी और संयम बरतने की आवश्यकता होगी।
मेष राशि के जातकों के लिए यह ग्रहण लाभकारी सिद्ध हो सकता है। मंगल और सूर्य के बीच मित्रता भाव के कारण करियर में उन्नति के अवसर मिल सकते हैं। लंबे समय से अटका कार्य पूरा होने की संभावना है। कार्यक्षेत्र में पदोन्नति के योग बन रहे हैं और समाज में मान-सम्मान बढ़ सकता है। आर्थिक स्थिति भी मजबूत हो सकती है।
वृषभ राशि वालों को विशेष सतर्कता बरतनी होगी। चंद्रमा का प्रभाव धैर्य और निर्णय क्षमता की परीक्षा ले सकता है। कार्यक्षेत्र में रुकावटें आ सकती हैं। समस्याएं बढ़ने की आशंका है, इसलिए सोच-समझकर निर्णय लेने की सलाह दी गई है।
मिथुन राशि के लिए नई जिम्मेदारियां सामने आ सकती हैं। इससे आत्मविश्वास बढ़ेगा। कार्यस्थल पर आपके प्रयासों की सराहना हो सकती है और कठिनाइयों का सामना मजबूती से कर पाएंगे।
कर्क राशि वालों को आर्थिक मामलों में सावधानी बरतने की जरूरत है। अनावश्यक खर्च बढ़ सकते हैं। बड़े निवेश से पहले गहन विचार जरूरी है। संयम और समझदारी से लिया गया निर्णय ही लाभकारी रहेगा।
यह ग्रहण चूंकि सिंह राशि में लग रहा है, इसलिए सिंह राशि वालों के लिए यह विशेष फलदायी माना जा रहा है। कार्यस्थल पर नेतृत्व क्षमता की सराहना होगी। अधिकारियों का सहयोग मिलेगा और किसी बड़े प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी मिल सकती है। निवेश से लाभ के योग हैं, लेकिन क्रोध पर नियंत्रण रखना जरूरी होगा।
कन्या राशि के जातकों को कार्यस्थल पर सावधानी बरतनी होगी। उच्च अधिकारियों के साथ विनम्र व्यवहार करें। स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही न बरतें और वाणी पर संयम रखें।
तुला राशि वालों के लिए यह समय सुख और समृद्धि देने वाला है। धनलाभ के योग बन रहे हैं। नया कार्य शुरू करने के लिए समय अनुकूल माना जा रहा है। आत्मविश्वास के साथ लिए गए निर्णय लाभकारी साबित हो सकते हैं।
वृश्चिक राशि को छोटी परेशानियों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। कार्यक्षेत्र में चुनौतियां सामने आ सकती हैं। जल्दबाजी में निर्णय लेने से बचें। निरंतर प्रयास से स्थिति धीरे-धीरे आपके पक्ष में आएगी।
धनु राशि के लिए यह ग्रहण शुभ संकेत दे रहा है। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को सफलता मिल सकती है। रुका हुआ धन वापस मिलने की संभावना है। करियर को नई दिशा मिल सकती है।
मकर राशि वालों को विशेष सावधानी की आवश्यकता है। किसी पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है। वाहन चलाते समय सतर्क रहें। खर्चों में वृद्धि संभव है, इसलिए अनावश्यक व्यय पर नियंत्रण रखें।
कुंभ राशि के जातकों को कामकाज के सिलसिले में अधिक भागदौड़ करनी पड़ सकती है। जिम्मेदारियां बढ़ेंगी। पारिवारिक जीवन में संतुलन बनाए रखें और आर्थिक मामलों में सोच-समझकर निर्णय लें।
मीन राशि वालों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना होगा। मानसिक तनाव बढ़ सकता है। कार्यक्षेत्र में रुकावटें आ सकती हैं, लेकिन नियमित प्रयास से परिस्थितियां धीरे-धीरे अनुकूल होने लगेंगी।
ज्योतिषाचार्यों का मानना है कि ग्रहण काल में मंत्र जाप, ध्यान और दान जैसे कार्य सकारात्मक परिणाम दे सकते हैं। हालांकि यह जानकारी पारंपरिक मान्यताओं और ज्योतिषीय गणनाओं पर आधारित है।
आज 3 मार्च 2026 को साल का पहला चंद्र ग्रहण लग रहा है। यह एक महत्वपूर्ण खगोलीय घटना है, जिसका प्रभाव भारत में पूर्ण रूप से देखा जाएगा। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार यह ग्रहण दोपहर 3 बजकर 20 मिनट से शुरू होकर शाम 6 बजकर 47 मिनट तक रहेगा। बताया जा रहा है कि यह ग्रहण सूर्य की राशि सिंह में लग रहा है, जिससे कुछ राशियों पर विशेष प्रभाव पड़ सकता है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, ग्रहण काल को अशुभ अवधि माना जाता है। इस दौरान नकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव अधिक रहने की बात कही जाती है। इसलिए किसी भी प्रकार के शुभ या मांगलिक कार्य से परहेज करने की सलाह दी जाती है। वहीं खानपान को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। गर्भवती महिलाओं को भी ग्रहण के दौरान सतर्क रहने की परंपरागत सलाह दी जाती है।

देश के अलग-अलग शहरों में चंद्रमा के उदय होने का समय अलग होता है, इसलिए कई स्थानों पर ग्रहण दिखाई देने का समय भिन्न रहेगा। राजधानी दिल्ली में यह ग्रहण शाम 6:22 बजे दिखाई देगा, जबकि नोएडा में 6:20 बजे और गुरुग्राम में 6:02 बजे नजर आएगा।
उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों में भी ग्रहण का अलग समय रहेगा। लखनऊ में यह 6:02 बजे, वाराणसी और कोलकाता में 5:43 बजे, जबकि पटना में 5:55 बजे दिखाई देगा।
मध्य भारत में भोपाल में ग्रहण का समय 6:21 बजे और इंदौर में 6:26 बजे रहेगा। दक्षिण भारत में चेन्नई में 6:21 बजे, बेंगलूरु में 6:32 बजे तथा हैदराबाद में 6:26 बजे चंद्र ग्रहण नजर आएगा।
इसके अतिरिक्त जयपुर में 6:14 बजे, चंडीगढ़ में 6:27 बजे, देहरादून में 6:14 बजे, कानपुर में 6:14 बजे, प्रयागराज में 5:55 बजे, मथुरा में 6:25 बजे ग्रहण दिखाई देगा।
ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार, ग्रहण काल में मंत्र जाप, ध्यान और दान करना शुभ माना जाता है। वहीं वैज्ञानिक दृष्टि से यह एक सामान्य खगोलीय प्रक्रिया है, जब पृथ्वी सूर्य और चंद्रमा के बीच आ जाती है और चंद्रमा पर पृथ्वी की छाया पड़ती है।
यह चंद्र ग्रहण भारत सहित एशिया, ऑस्ट्रेलिया, पैसिफिक द्वीपों और उत्तरी व दक्षिणी अमेरिका के कई हिस्सों में भी देखा जा सकेगा।



