➤ कल से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय, 11 मार्च तक मौसम का असर
➤ 9 से 11 मार्च के बीच प्रदेश में बारिश और ऊंचे इलाकों में बर्फबारी का पूर्वानुमान
➤ तापमान में भारी उछाल, कई शहरों का पारा 30 डिग्री के पार
शिमला। हिमाचल प्रदेश में बीते कुछ दिनों से बढ़ी गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने के आसार हैं, जिसका प्रभाव 11 मार्च तक देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार 7 मार्च को अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इसके बाद 8 मार्च को मौसम साफ रहने का अनुमान है, लेकिन 9 से 11 मार्च के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में फिर से बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
खासकर 11 मार्च को पूरे प्रदेश में बादल बरसने की संभावना जताई गई है। इस दौरान लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा और कुल्लू की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात, जबकि अन्य जिलों में बारिश होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग का मानना है कि इस बारिश-बर्फबारी के बाद प्रदेश में बढ़ती गर्मी से राहत मिल सकती है।
प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में असामान्य उछाल दर्ज किया गया है। आंकड़ों के अनुसार प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 9.8 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 5.3 डिग्री ज्यादा रहा।
किन्नौर के कल्पा में तापमान में सबसे ज्यादा उछाल देखने को मिला। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से 14.8 डिग्री ज्यादा बढ़कर 24 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो मार्च महीने का दूसरा सबसे अधिक तापमान है। इससे पहले 20 मार्च 2010 को यहां 24.4 डिग्री का रिकॉर्ड दर्ज किया गया था।
शिमला का तापमान भी सामान्य से 10 डिग्री ज्यादा बढ़कर 25.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। हालांकि शिमला में मार्च का रिकॉर्ड तापमान 27 मार्च 2004 को 27.2 डिग्री दर्ज किया गया था, लेकिन मार्च के पहले सप्ताह में इतना अधिक तापमान पहले कभी दर्ज नहीं हुआ।
इसी तरह मनाली का तापमान भी 10.8 डिग्री के उछाल के साथ 25.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। मनाली में मार्च का रिकॉर्ड तापमान 17 और 22 मार्च 2022 को 27.5 डिग्री दर्ज किया गया था। इस लिहाज से मनाली में मार्च का दूसरा सबसे अधिक तापमान दर्ज हुआ है।
कांगड़ा का तापमान भी सामान्य से 11.1 डिग्री ज्यादा बढ़कर 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। कांगड़ा में मार्च का रिकॉर्ड तापमान 30 मार्च 2022 को 34.8 डिग्री दर्ज किया गया था। फिलहाल प्रदेश के करीब 8 शहरों का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है।
सबसे अधिक गर्मी हमीरपुर के नेरी में दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। आमतौर पर मार्च के पहले सप्ताह में प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में ठंड का असर रहता है, लेकिन इस बार अप्रैल जैसी गर्मी पहले ही महसूस होने लगी है।
वहीं शिमला में रात का तापमान भी काफी बढ़ गया है। यहां न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सामान्य तौर पर 6 मार्च को शिमला का अधिकतम तापमान करीब 15 डिग्री होता है, लेकिन इस बार रात का पारा ही 15 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है।
इसके अलावा कल्पा का न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री, पालमपुर का 15.0 डिग्री, मनाली का 8.8 डिग्री और सोलन का न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी अधिक है।



