➤ CBSE पाठ्यक्रम लागू करने के लिए 5623 शिक्षक पदों पर मांगे गए आवेदन
➤ अब तक केवल 9629 आवेदन पहुंचे, कई पदों पर बेहद कम उम्मीदवार
➤ कम रुचि के चलते आवेदन की अंतिम तिथि 5 मार्च तक बढ़ाई गई
धर्मशाला/शिमला। हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में CBSE पाठ्यक्रम लागू करने की तैयारी के बीच शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को लेकर अपेक्षित उत्साह नहीं दिख रहा है। प्रदेश के 145 सरकारी स्कूलों में विभिन्न श्रेणियों के 5,623 शिक्षक पदों के लिए अब तक केवल 9,629 आवेदन ही स्कूल शिक्षा बोर्ड के पास पहुंचे हैं, जो पात्र शिक्षकों की कुल संख्या की तुलना में काफी कम माने जा रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने स्क्रीनिंग टेस्ट के लिए 11 से 24 फरवरी तक आवेदन मांगे थे, लेकिन शिक्षकों के कम रुझान को देखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 5 मार्च कर दी गई। बोर्ड की ओर से यह स्क्रीनिंग परीक्षा 22 मार्च को आयोजित की जानी प्रस्तावित है।
बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार 3 मार्च तक प्राप्त 9,629 आवेदनों में से केवल 7,448 उम्मीदवारों ने फीस जमा करवाई है, जबकि 2,181 आवेदन बिना फीस के अधूरे पड़े हैं।
कुछ विषयों में आवेदन की संख्या बेहद कम रही है। उदाहरण के तौर पर लेक्चरर ज्योग्राफी के 134 पदों के लिए केवल 60 आवेदन ही पूरी तरह भरे गए, जबकि 13 आवेदकों ने फीस जमा नहीं करवाई।
इसी तरह लेक्चरर सोशियोलॉजी के 134 पदों के लिए सिर्फ 21 आवेदन पहुंचे, जिनमें से चार की फीस लंबित है।
सबसे कम रुचि लेक्चरर साइकोलॉजी के पदों में देखने को मिली, जहां 134 पदों के लिए मात्र 7 आवेदन आए, जिनमें से चार उम्मीदवारों ने अभी तक फीस जमा नहीं करवाई।
स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि शिक्षकों के स्क्रीनिंग टेस्ट के लिए आवेदन अपेक्षा से कम आए हैं। इसलिए आवेदन की तिथि को 5 मार्च तक बढ़ाया गया है, ताकि अधिक से अधिक शिक्षक आवेदन कर सकें।
विभिन्न पदों के लिए आवेदन की स्थिति भी सामने आई है।
लेक्चरर बॉयोलॉजी के लिए 150, कैमिस्ट्री के लिए 161, फिजिक्स के लिए 161, गणित के लिए 160, कॉमर्स के लिए 288, इकोनॉमिक्स के लिए 167, अंग्रेजी के लिए 384, राजनीति शास्त्र के लिए 182, इतिहास के लिए 182 और हिंदी के लिए 182 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
इसके अलावा टीजीटी आर्ट्स के लिए 480, टीजीटी मेडिकल के लिए 244, टीजीटी नॉन मेडिकल के लिए 244, शास्त्री के लिए 221, भाषा अध्यापक के लिए 239, ड्राइंग मास्टर के लिए 179, फिजिकल एजुकेशन टीचर के लिए 147 और जेबीटी के लिए 640 आवेदन आए हैं।
प्रदेश सरकार सरकारी स्कूलों में CBSE पाठ्यक्रम लागू करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है, जिसके लिए चयनित शिक्षकों को विशेष रूप से तैयार किया जाएगा। हालांकि फिलहाल आवेदन की कम संख्या ने भर्ती प्रक्रिया को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है।



