Follow Us:

इस दिन सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, बारिश और बर्फबारी के आसार

हिमाचल के चार जिलों में आज हीट वेव का अलर्ट
11 मार्च से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, मौसम में बड़ा बदलाव
11 से 13 मार्च के बीच बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार


हिमाचल प्रदेश में मौसम में जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश के चार जिलों कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सोलन में हीट वेव चलने की चेतावनी जारी की गई है। फिलहाल प्रदेश में मौसम साफ बना हुआ है, लेकिन अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में अगले दो दिनों तक मौसम सामान्य और साफ रहेगा। इसके बाद 11 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसका असर पूरे प्रदेश में देखने को मिलेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस सिस्टम के सक्रिय होने के बाद 11 से 13 मार्च के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है।

पूर्वानुमान के मुताबिक इस अवधि के दौरान मध्य और ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में गरज के साथ आंधी और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों के कुछ क्षेत्रों में 11 मार्च के आसपास गरज और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी भी जारी की है। वहीं किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में भी तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जिससे मौसम अचानक बदल सकता है।

विभाग के अनुसार फिलहाल अगले तीन से चार दिनों तक न्यूनतम और अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के बाद मध्य और ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान में 2 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम में इस बदलाव से प्रदेश के कई हिस्सों में ठंड फिर से बढ़ सकती है।