➤ स्कूल शिक्षा बोर्ड ने सीबीएसई सब कैडर-2026 परीक्षा की अस्थायी आंसर की जारी की
➤ अभ्यर्थी 31 मार्च तक पुख्ता तथ्यों के साथ दर्ज करा सकते हैं आपत्तियां
➤ प्रदेश भर के 26 केंद्रों में 9800 से अधिक शिक्षकों ने दी थी परीक्षा
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) ने 22 मार्च को आयोजित सीबीएसई सब कैडर-2026 परीक्षा की अस्थायी आंसर की जारी कर दी है। बोर्ड ने सभी अभ्यर्थियों से कहा है कि यदि उन्हें आंसर की में किसी प्रकार की त्रुटि नजर आती है तो वे 31 मार्च तक पुख्ता तथ्यों और प्रमाणों के साथ अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।
शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि बोर्ड ने 22 मार्च को प्रदेश भर में बनाए गए 26 परीक्षा केंद्रों पर सीबीएसई सब कैडर-2026 के लिए स्क्रीनिंग टेस्ट आयोजित किया था। इस परीक्षा में 9800 से अधिक शिक्षकों ने भाग लिया था।
उन्होंने बताया कि परीक्षा विभिन्न पदों और विषयों के लिए आयोजित की गई थी। इसमें प्रिंसिपल, बायोलॉजी, केमिस्ट्री, फिजिक्स, गणित, कॉमर्स, इकोनॉमिक्स, अंग्रेजी, पॉलिटिकल साइंस, हिस्ट्री, हिंदी, जियोग्राफी, सोशियोलॉजी, संस्कृत, म्यूजिक, आईपी, फिजिकल एजुकेशन, फिलॉसफी और डीपीई लेक्चरर के पद शामिल थे। इसके अलावा टीजीटी और सीएंडवी शिक्षकों के अंतर्गत आर्ट्स, मेडिकल, नॉन-मेडिकल, भाषा शिक्षक, शास्त्री, ड्राइंग मास्टर, फिजिकल एजुकेशन और जेबीटी पदों के लिए भी स्क्रीनिंग टेस्ट आयोजित किया गया था।
शिक्षा बोर्ड ने इन सभी विषयों की अस्थायी आंसर की जारी कर दी है, ताकि अभ्यर्थी अपने उत्तरों का मिलान कर सकें। यदि किसी प्रश्न या उत्तर को लेकर अभ्यर्थियों को आपत्ति है तो वे संबंधित प्रमाण और तथ्य सहित 31 मार्च तक बोर्ड मुख्यालय को भेज सकते हैं।
बोर्ड सचिव ने स्पष्ट किया है कि 31 मार्च के बाद आने वाली आपत्तियों या बिना पुख्ता तथ्यों के भेजी गई शिकायतों पर किसी प्रकार का विचार नहीं किया जाएगा। इसलिए अभ्यर्थियों को तय समय सीमा के भीतर ही अपनी आपत्तियां दर्ज कराने की सलाह दी गई है।



