Follow Us:

हिमाचल में दो सनसनीखेज हत्याएं : शिमला में भाई ने भाई की ली जान, कांगड़ा में पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या

हिमाचल में दो सनसनीखेज हत्याओं से दहशत, एक जगह भाई ने भाई की ली जान, दूसरी ओर पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या
शराब, पुरानी रंजिश और घरेलू विवाद ने ली दो जिंदगियां
दोनों मामलों में आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच तेज


शिमला/कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में सामने आई दो अलग-अलग हत्या की वारदातों ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। एक ओर शिमला जिले के रामपुर के सराहन गांव में छोटे भाई ने शराब पीने के बाद पुरानी रंजिश में अपने बड़े भाई की हत्या कर दी, वहीं दूसरी ओर कांगड़ा जिले के लंबागांव क्षेत्र के कुटाहण गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।

पहली घटना शिमला जिले की रामपुर तहसील के सराहन गांव की है। पुलिस के अनुसार 30 मार्च 2026 की सुबह थाना झाकड़ी को सूचना मिली कि राई खड्ड के शमशान घाट के पास एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो 35 वर्षीय अनिल कुमार उर्फ काकू मृत पाए गए। उनके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान और खून के धब्बे मिले।

पोस्टमार्टम और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का शक मृतक के छोटे भाई विक्रम (34 वर्ष) पर गया। हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि दोनों भाई साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी बढ़ गई और गुस्से में आकर उसने अपने बड़े भाई की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि की है।

दूसरी वारदात कांगड़ा जिले के लंबागांव क्षेत्र के कुटाहण गांव में सोमवार सुबह सामने आई। यहां सन्नी कुमार नामक व्यक्ति ने अपनी पत्नी काल्टी देवी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार आरोपी रविवार को अपनी पत्नी को झाड़-फूंक के लिए कहीं लेकर गया था और देर रात करीब 12 बजे उसे अपने भाई के घर कुटाहण लेकर पहुंचा।

बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे आरोपी ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से वार किया। वारदात के समय उसका भाई दूसरे कमरे में सो रहा था। जैसे ही उसे घटना की जानकारी मिली, उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया।

मृतका अपने पीछे दो छोटे बेटे और एक बेटी छोड़ गई है। परिवार और स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरा सदमा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी अशोक रतन ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि हत्या के कारणों की गहन जांच की जा रही है।

इन दोनों वारदातों ने एक बार फिर घरेलू विवाद, पुरानी रंजिश और नशे के दुष्परिणामों को सामने ला दिया है। पुलिस दोनों मामलों में विस्तृत जांच कर रही है।