Follow Us:

अटल टनल के पास खिसका हिमखंड, नॉर्थ पोर्टल के समीप बर्फीला गुब्बार , पर्यटक दहशत में

अटल टनल नॉर्थ पोर्टल के पास पीर पंजाल से खिसका हिमखंड
बर्फीला गुब्बार पर्यटकों तक पहुंचा, कुछ देर मची अफरा-तफरी
प्रशासन ने प्रतिबंधित क्षेत्र में न जाने की सख्त अपील की



मनाली/लाहौल। अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल के समीप रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पीर पंजाल पर्वतमाला की ऊंची चोटी से अचानक एक विशाल हिमखंड खिसक गया। घटना के समय चंद्रा नदी के पार मनाली-लेह हाईवे के पास कुछ पर्यटक बर्फ के बीच मस्ती कर रहे थे। अचानक तेज गर्जना के साथ नीचे की ओर बढ़ते हिमखंड और उससे उठे बर्फीले गुब्बार ने लोगों में दहशत फैला दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हिमखंड गिरते ही तेज आवाज के साथ बर्फ का घना बादल तेजी से नीचे की ओर बढ़ा और कुछ ही पलों में पर्यटकों के करीब पहुंच गया। स्थिति को भांपते हुए वहां मौजूद लोग तुरंत सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन कुछ देर के लिए पूरे क्षेत्र में भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब दो दिन पहले ही सीमा सड़क संगठन (BRO) की सिफारिश पर लाहौल-स्पीति प्रशासन ने अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से सटे इलाके में पर्यटन गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया था। बीआरओ ने पहले ही इस क्षेत्र में हिमखंड गिरने और हिमस्खलन का खतरा जताया था, जिसके बाद एहतियातन यह कदम उठाया गया था।

प्रशासन का कहना है कि हाल के दिनों में मौसम में बदलाव, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी और तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण हिमस्खलन का खतरा बढ़ गया है। इसी वजह से पर्यटकों और स्थानीय लोगों को प्रतिबंधित क्षेत्र से दूर रहने की सलाह दी गई थी।

उपायुक्त किरण भड़ाना ने पर्यटकों से अपील करते हुए कहा है कि वे प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। प्रशासन और बीआरओ की टीमें क्षेत्र पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

पर्यटन सीजन के बीच इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में एडवेंचर टूरिज्म और सुरक्षा के बीच संतुलन की जरूरत को रेखांकित किया है।