Follow Us:

मंडी में पर्स की दुकान में आग:2 लोगों को किया रेस्‍कयू, लाखों का सामान राख

मंडी के भगवान मोहल्ला में पर्स की दुकान में सुबह भीषण आग, लाखों का नुकसान
दुकान के ऊपर फंसे 2 लोगों को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित निकाला
अवैध पार्किंग से फायर ब्रिगेड 20 मिनट देर से पहुंची, लोगों में नाराजगी



मंडी। हिमाचल प्रदेश की छोटी काशी मंडी में मंगलवार सुबह एक बड़ा अग्निकांड सामने आया। शहर के भगवान मोहल्ला स्थित एक पर्स की दुकान में सुबह करीब 6 बजे भीषण आग लग गई, जिससे दुकान में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। शुरुआती अनुमान के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते लपटों ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में दुकान से धुएं का घना गुबार उठने लगा।

मंडी में दुकान में लगी आग।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। दुकान मालिक हरीश की इस दुकान में बड़ी मात्रा में पर्स और अन्य सामान रखा हुआ था, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गया। आग लगने के समय दुकान के ऊपर वाली मंजिल में उनके सास और ससुर मौजूद थे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई, लेकिन पोस्ट ऑफिस सड़क पर अवैध पार्किंग के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके तक पहुंचने में करीब 20 मिनट की देरी हुई। इसी देरी के चलते आग पर शुरुआती चरण में काबू नहीं पाया जा सका और दुकान का अधिकतर सामान जलकर राख हो गया। बाद में दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे आसपास की दुकानों तथा घरों तक फैलने से रोक दिया।

दमकल कर्मी आग पर काबू पाते हुए।

घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम मंडी के महापौर वीरेंद्र भट्ट शर्मा भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यदि दमकल वाहन समय पर घटनास्थल तक पहुंच जाता, तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। उन्होंने साफ तौर पर अवैध पार्किंग को इस गंभीर स्थिति का मुख्य कारण बताया।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने शहर में सड़क किनारे होने वाली अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर दमकल गाड़ियां समय पर पहुंच जातीं, तो लाखों रुपये के नुकसान को रोका जा सकता था। अब स्थानीय नागरिक शहर में बेहतर पार्किंग व्यवस्था और अवैध पार्किंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।