Follow Us:

हिमाचल के लाल ने रोटरडैम मैराथन में रचा इतिहास

जोगिंदरनगर के सावन बरवाल ने 48 साल पुराना राष्ट्रीय मैराथन रिकॉर्ड तोड़ा
रोटरडैम एनएन मैराथन में 2:11:58 का समय निकालकर रचा इतिहास
1978 से कायम शिवनाथ सिंह का रिकॉर्ड टूटा, हिमाचल के लिए गौरव का क्षण


मंडी जिले के जोगिंदरनगर के होनहार युवा एथलीट सावन बरवाल ने भारतीय एथलेटिक्स के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय जोड़ते हुए एक ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसका इंतजार देश को करीब 48 वर्षों से था। रविवार को नीदरलैंड्स में आयोजित प्रतिष्ठित NN Marathon Rotterdam में सावन ने 2 घंटे 11 मिनट 58 सेकंड का शानदार समय निकालकर भारतीय पुरुष मैराथन का राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के साथ उन्होंने 1978 में महान धावक शिवनाथ सिंह द्वारा बनाया गया 2:12:00 का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जो लगभग 17,486 दिनों से कायम था।

रोटरडैम मैराथन जैसे विश्वस्तरीय मंच पर सावन का यह प्रदर्शन भारतीय लंबी दूरी की दौड़ के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उन्होंने इस कठिन और प्रतिस्पर्धी रेस में 20वां स्थान हासिल किया। खास बात यह रही कि यह उपलब्धि उन्होंने अपने पहले पूर्ण मैराथन प्रयास में हासिल की। रिपोर्ट्स के अनुसार अंतिम चरण में तेज ठंडी हवा के कारण उन्हें शारीरिक चुनौती का सामना करना पड़ा, यहां तक कि फिनिश लाइन के करीब वे दो बार लड़खड़ा भी गए, लेकिन अदम्य साहस दिखाते हुए उन्होंने दौड़ पूरी की और इतिहास रच दिया।

हिमाचल प्रदेश के जोगिंदरनगर से ताल्लुक रखने वाले सावन बरवाल की यह उपलब्धि न केवल मंडी और प्रदेश के लिए गर्व का विषय है, बल्कि पूरे देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति ने उन्हें भारतीय एथलेटिक्स के शीर्ष पर पहुंचा दिया है। खेल जगत में इस उपलब्धि को एक नए युग की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।