Follow Us:

छात्रा हत्या*कांड पर सरकाघाट में फूटा जनाक्रोश, हाईवे जाम

छात्रा हत्याकांड के बाद सरकाघाट में लोगों का फूटा गुस्सा, हाईवे पर चक्का जाम
सैकड़ों ग्रामीण सड़क पर उतरे, आरोपी को फांसी देने की मांग
महिलाओं और युवाओं की बड़ी भागीदारी, यातायात घंटों ठप


मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल में कॉलेज छात्रा की दिनदहाड़े निर्मम हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश और भय का माहौल गहरा गया है। गोपालापुर पंचायत के बैंजी गांव में हुई इस दर्दनाक वारदात ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। खासकर अभिभावकों में बेटियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता देखी जा रही है। घटना के विरोध में सोमवार देर शाम सरकाघाट-घुमारवीं हाईवे पर मौंही के पास ग्रामीणों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में लोग इंसाफ की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए और चक्का जाम कर दिया। पूरे इलाके में “पुलिस प्रशासन होश में आओ” और “हत्यारे को फांसी दो” के नारों से माहौल गूंज उठा।

सोमवार शाम करीब 7:00 बजे अचानक बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए और देखते ही देखते मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन शुरू हो गया। प्रदर्शन में महिलाओं, युवाओं और स्थानीय बुजुर्गों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। लोगों का कहना था कि छात्रा हत्याकांड में अब तक ठोस और त्वरित कार्रवाई नहीं होने से उनका भरोसा डगमगा रहा है। प्रदर्शनकारी लगातार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर फांसी की सजा देने की मांग करते रहे। पुलिस और प्रशासन की ओर से समझाने के प्रयास किए गए, लेकिन प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए, जिससे स्थिति देर तक तनावपूर्ण बनी रही।

चक्का जाम के कारण हाईवे के दोनों ओर बसों, निजी वाहनों और अन्य यातायात साधनों की लंबी कतारें लग गईं। कई यात्री घंटों तक जाम में फंसे रहे, जबकि कुछ लोगों को मजबूरी में पैदल ही अपने गंतव्य की ओर निकलना पड़ा। आम जनजीवन भी इस प्रदर्शन से प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक दोषियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रह सकता है।

इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोग प्रशासन से जल्द न्याय और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि बेटियों में सुरक्षा का भरोसा लौट सके।

बता दें कि हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल में कॉलेज जाने के लिए घर से निकली 19 वर्षीय छात्रा की एक सिरफिरे युवक ने सरेराह दराट से कई वार कर निर्मम हत्या कर दी। आरोपी ने छात्रा के गले में बाईं तरफ सात से आठ बार वार किए, जिससे गर्दन लगभग धड़ से अलग ही हो गई और बचाव में उठाया गया हाथ भी बुरी तरह कट गया। छात्रा के घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर वारदात के बाद पूरे इलाके में जनाक्रोश भड़क गया। पुलिस को स्थिति संभालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया लेकिन गुस्साए लोगों ने सोमवार देर शाम सरकाघाट-घुमारवीं हाईवे पर मौहीं में चक्का जाम कर दिया।