➤ साउथ अफ्रीका में स्विमिंग पूल में डूबने से हमीरपुर के युवक अमन की मौत
➤ 18 अप्रैल को घर लौटने वाला था इकलौता बेटा, शादी की तैयारियां मातम में बदलीं
➤ परिवार ने पार्थिव शरीर जल्द भारत लाने की प्रशासन से लगाई गुहार
हमीरपुर जिले की ग्राम पंचायत महारल के वार्ड नंबर एक काली चीक गांव से एक बेहद मार्मिक खबर सामने आई है। गांव के युवक अमन कुमार पुत्र उधम सिंह की साउथ अफ्रीका में स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई। इस हादसे ने परिवार की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। करीब छह महीने पहले दिवाली के बाद अमन बेहतर भविष्य और रोजगार के सपनों के साथ साउथ अफ्रीका गया था। परिवार उसके 18 अप्रैल को घर लौटने का इंतजार कर रहा था, लेकिन उससे पहले ही यह दुखद समाचार पहुंच गया।
परिजनों के अनुसार अमन कुछ ही समय पहले, करीब तीन महीने पहले, केरल की एक युवती के साथ कोर्ट मैरिज कर चुका था। घर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शादी की तैयारियां चल रही थीं। माता-पिता और परिवार के सदस्य उसके स्वागत और शादी की रस्मों को लेकर उत्साहित थे, लेकिन अचानक आई इस खबर ने पूरे परिवार को तोड़ कर रख दिया।
मृतक के मासड़ प्यार चंद ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 3 बजे सूचना मिली कि अमन स्विमिंग पूल में डूब गया है। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अमन को तैरना नहीं आता था। वह पहले करीब चार फीट गहरे हिस्से में उतरा, लेकिन बाद में अधिक गहराई में चला गया, जहां यह हादसा हो गया।
अमन साउथ अफ्रीका में एक होटल Atlantic View में कार्यरत था। परिवार के अनुसार वह घर का इकलौता बेटा और बुजुर्ग माता-पिता का एकमात्र सहारा था। उसकी एक बड़ी और एक छोटी बहन है, जिनकी शादी हो चुकी है। पिता उधम सिंह मेहनत-मजदूरी और शादियों में बैंड बजाने का काम कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर है।
परिवार ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि अमन का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द भारत लाने की व्यवस्था की जाए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पार्थिव शरीर को भारत पहुंचने में 15 से 20 दिन का समय लग सकता है।



