➤ ऊना सबसे गर्म, तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज
➤ 17 अप्रैल को 4 जिलों में ओलावृष्टि और तूफान का ऑरेंज अलर्ट
➤ सेब बागवानों की चिंता बढ़ी, फ्लावरिंग पर मौसम का खतरा
हिमाचल प्रदेश में अप्रैल महीने के दौरान आज पहली बार गर्मी का स्पष्ट एहसास हुआ है। प्रदेश के सात शहरों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि ऊना 34.5°C के साथ सबसे गर्म रहा। इसके साथ ही प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया है।
इन शहरों में 30 डिग्री पार तापमान
- सुंदरनगर – 32.4°C
- भुंतर – 31.0°C
- ऊना – 34.5°C
- नाहन – 31.7°C
- कांगड़ा – 32.5°C
- मंडी – 32.5°C
- बरठी – 31.8°C
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार यह गर्मी ज्यादा दिन नहीं टिकेगी। 17 अप्रैल से एक ताजा वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है, जिसका असर 19 अप्रैल तक बना रहेगा। इस दौरान कई क्षेत्रों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
17 अप्रैल को 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
IMD ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों के लिए ओलावृष्टि और तूफान को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं शिमला, ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर के कुछ क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। 18 और 19 अप्रैल को भी कई जिलों में खराब मौसम के आसार बने रहेंगे।
40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
अगले चार दिनों के दौरान कई इलाकों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं और तूफान चलने की संभावना है। अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्का हिमपात और मध्यम व निचले इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है। 20 अप्रैल से पूरे प्रदेश में मौसम साफ होने का पूर्वानुमान है।
सेब बागवानों की बढ़ी चिंता
मौसम विभाग के इस पूर्वानुमान ने सेब बागवानों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। इन दिनों मध्यम और ऊंचे क्षेत्रों में सेब की फ्लावरिंग चल रही है। बारिश, बर्फबारी, ओलावृष्टि और तेज हवाएं फूलों को नुकसान पहुंचा सकती हैं। IMD ने भी बागवानों को हेल नेट और हिल कैप के इस्तेमाल की सलाह दी है।
अप्रैल में सामान्य से 114% अधिक बारिश
1 से 14 अप्रैल के बीच जहां सामान्यतः 27 मिमी बारिश होती है, वहीं इस बार 57.9 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य से 114 प्रतिशत अधिक है। लगातार बारिश और ठंडे मौसम के कारण कई क्षेत्रों में तापमान अभी भी सामान्य से नीचे बना हुआ है।



