Follow Us:

राष्ट्रपति मुर्मू का शिमला दौरा, प्रशासन ने तेज की तैयारियां 27 अप्रैल से 2 मई तक शिमला में रहेंगी राष्ट्रपति

➤ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 27 अप्रैल से 2 मई तक शिमला दौरे पर रहेंगी
➤ डीसी अनुपम कश्यप ने तैयारियों को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
➤ सुरक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और सफाई व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के आदेश


शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रपति 27 अप्रैल से 2 मई 2026 तक शिमला प्रवास पर रहेंगी और इस दौरान वह अपने आधिकारिक निवास राष्ट्रपति निवास ‘दी रिट्रीट’ में ठहरेंगी।

इस संबंध में जिला दंडाधिकारी अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं उच्च स्तर की होनी चाहिए।

बैठक में बताया गया कि राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए कल्याणी हेलिपैड के साथ-साथ अन्नाडेल हेलिपैड को भी लैंडिंग के लिए पूरी तरह तैयार रखा जाएगा। लोक निर्माण विभाग को हवाई अड्डा से दी रिट्रीट तक जाने वाले मार्ग को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि आवागमन सुचारू बना रहे।

इसके अलावा नगर निगम शिमला को दी रिट्रीट और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं एसजेपीएनएल को पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।

सुरक्षा के दृष्टिगत अग्निशमन विभाग को दी रिट्रीट सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का फायर ऑडिट करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से निपटा जा सके। वहीं स्वास्थ्य विभाग को 24 घंटे डॉक्टरों की टीम और एम्बुलेंस तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही खाद्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भोजन के सैंपल की नियमित जांच सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।

प्रशासन इस दौरे को लेकर पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है और हर छोटी-बड़ी व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है, ताकि राष्ट्रपति का यह दौरा सुरक्षित और सफल तरीके से संपन्न हो सके।