Follow Us:

VIP कल्चर छोड़ जनता से सीधा संवाद करें: राहुल

राहुल गांधी ने VIP कल्चर छोड़ जनता से सीधा संवाद करने की दी सलाह
कांगड़ा में तीन राज्यों के 80 जिला अध्यक्षों को दी संगठन मजबूत करने की ट्रेनिंग
मीडिया और सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर दिया खास जोर



कांगड़ा में आयोजित कांग्रेस के विशेष प्रशिक्षण शिविर में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए बड़ा संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्टी नेताओं को VIP कल्चर छोड़कर आम जनता से सीधे जुड़ना होगा, तभी संगठन जमीनी स्तर पर मजबूत होगा।

राहुल गांधी ने हिमाचल प्रदेश, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के करीब 80 जिला अध्यक्षों को प्रशिक्षण देते हुए कहा कि नेताओं को जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि विपक्षी दलों के नैरेटिव का जवाब केवल पारंपरिक मीडिया ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया के जरिए भी प्रभावी ढंग से दिया जाना चाहिए।

करीब साढ़े चार घंटे चले इस प्रशिक्षण सत्र में राहुल गांधी ने संगठनात्मक मजबूती, मीडिया प्रबंधन, सोशल मीडिया के उपयोग और राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने जिला अध्यक्षों को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने और आम लोगों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के टिप्स दिए।

कांगड़ा पहुंचने पर राहुल गांधी का स्वागत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री और अन्य कांग्रेस नेताओं ने किया। प्रशिक्षण सत्र के बाद राहुल गांधी ने जिला अध्यक्षों के साथ लंच भी किया और करीब 2:15 बजे कांगड़ा से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

यह प्रशिक्षण शिविर कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान का हिस्सा था, जिसके तहत विभिन्न राज्यों में पार्टी कार्यकर्ताओं को ट्रेनिंग दी जा रही है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने बताया कि राहुल गांधी पूरे देश में ऐसे कैंप आयोजित कर संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहे हैं।

राहुल गांधी सुबह दिल्ली से फ्लाइट के जरिए कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचे थे और वहां से सड़क मार्ग से गुप्त गंगा होटल पहुंचे, जहां यह प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था। उनके दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और ट्रैफिक प्रबंधन के लिए कांगड़ा सब्जी मंडी में अवकाश भी घोषित किया गया।

राजनीतिक दृष्टि से इस दौरे को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसके जरिए कांग्रेस आगामी चुनावों के लिए अपनी रणनीति को धार देने में जुटी है।