Follow Us:

यूथ कांग्रेस के कार्यक्रम में बाली की हुंकार, कहा- झूठ के खिलाफ जंग में हो जाओ तैयार

समाचार फर्स्ट डेस्क |

हिमाचल में कांग्रेस अपने सभी विंग को चार्ज करने में जुट गई है। इसी कड़ी में कांगड़ा जि़ला के बीड़ में यूथ कांग्रेस का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न हुआ। समापन के मौके पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री जीएस बाली ने अपने संबोधन से कार्यकर्ताओं में जान फूंकने की कोशिश की।

जीएस बाली ने कहा कि आज के दौर में लड़ाई सत्य और झूठ के बीच है। बीजेपी के लोग झूठ फैला रहे हैं, लेकिन उसका सच्चाई के साछ डंटकर मुक़ाबला करना है। उन्होंने कांग्रेस के इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि जब 1885 में कांग्रेस बनी थी तब उस दौरान अधिवेशन में सिर्फ 70 लोग ही आए थे। लेकिन, आज की तारीख में कांग्रेस दुनिया की बड़ी पार्टियों में गिनी जाती है। ऐसे में कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर डंटकर झूठ का पर्दाफाश करें और सच को उजागर करें।

कांगड़ा और चंबा जिला से पहुंचे युवा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ जीएस बाली ने इंटरैक्शन भी किया। कार्यकर्ताओं ने जीएस बाली से कई सारे सवाल किए और उन्होंने सभी का जवाब दिया. कुछ चुनिंदा सवालों और उनके जवाबों को हम नीचे तफ्सील से पेश कर रहे हैं—

कार्यकर्ताओं के सवाल और जीएस बाली के जवाब

1. पार्टी के भीतर गुटबाजी क्यों नहीं खत्म हो रही है?
जीएस बाली: पार्टी वर्कर इन सभी बातों में ना पड़ें। सब कुछ पार्टी में सही हो रहा है। उन्हें अपना फोकस लीडरों पर नहीं बल्कि बूथ लेवल पर रखना चाहिए। ज़मीन पर लोगों की परेशानियों को प्रकाश में लाएं। संगठन सशक्त है। पार्टी हर किसी से बड़ी होती है।

2. कमज़ोर तबका कांग्रेस से अलग क्यों हो रहा है?
जीएस बाली:  यह चिंता का विषय है। इस पर व्यापक समीक्षा की ज़रूरत है। पिछड़े और ग़रीब तबके का वोट हमसे दूर क्यों हुआ है, इस पर हमें विश्लेषण करना ही होगा।

3. बेरोज़गारी एक बड़ा मसला है। इसे दूर करने के लिए क्या किया गया?
जीएस बाली: मैंने अपनी सरकार में बेरोजगार युवाओं के लिए लंबी लड़ाई लड़ी। उन्हें भत्ता दिलाने से लेकर उन्हें रोजगार मुहैया कराने के कई स्तर पर काम किए। मेरे तत्कालीन विभाग से कई सारी नौकरियों को सृजन किया गया। इसके अलावा प्राइवेट सेक्टर में पहुंचने के लिए युवाओं को टेक्निकल एजुकेशन पर विशेष जोर दिया गया। वर्तमान सरकार बेरोजगारों से किया वादा पूरा करे वर्ना हम आगे भी प्रचंड विरोध के लिए तैयार हैं।

4. कांगड़ा ज़िला के साथ भेदभाव क्यों होता है?
जीएस बाली: कांगड़ा किसी दया का मोहताज़ नहीं है। यहां लोक सशक्त हैं और अपना वजूद बनाने में सक्षम हैं। पहले भी कांगड़ा जिला का लोहा मनवाया है और आगे भी मनवाएंगे।

महिलाओं को अपनी मुहिम से जोड़ें
जीएस बाली ने कार्यकर्ताओं से कहा कि समाज महिलाओं के उत्थान के बिना अधूरा है। ज़रूरी है कि युवा कांग्रेस अपनी मुहिम में महिलाओं को भी साथ लें। उनकी भी बराबर की भागीदारी सुनिश्चित करें। ताकि हमारी बहन-बेटियां भी इस झूठ-तंत्र को उखाड़ फेंकने में अहम योगदान दें।

बीड़ में संपन्न हुआ यूथ कांग्रेस का शिविर कांगड़ा-चंबा लोकसभा क्षेत्र का था। प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को विशेष तौर पर कांग्रेस की विचारधारा और इसके इतिहास पर रौशनी डाली गई।