Follow Us:

पंचायती राज चुनाव: 26, 28 और 30 मई को हिमाचल प्रदेश में रहेगा सार्वजनिक अवकाश

हिमाचल में पंचायती राज चुनाव के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित

26, 28 और 30 मई को तीन चरणों में बंद रहेंगे सभी संस्थान

दिहाड़ी मजदूरों को भी मिलेगा सवेतन अवकाश का लाभ

हिमाचल प्रदेश सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने प्रदेश में होने वाले पंचायती राज संस्थानों के चुनाव को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। राज्यपाल के आदेशानुसार, चुनाव के लिए तीन चरणों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इसके तहत प्रथम चरण के लिए 26 मई 2026, दूसरे चरण के लिए 28 मई 2026 और तीसरे चरण के लिए 30 मई 2026 को संबंधित क्षेत्रों में छुट्टी रहेगी।

इस दौरान सभी सरकारी कार्यालय, बोर्ड, निगम, शैक्षणिक संस्थान और औद्योगिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। यह अवकाश दुकानों और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों पर भी लागू होगा। खास बात यह है कि दैनिक भोगी कर्मचारियों को भी इस दिन का वेतन मिलेगा। हालांकि, कुल्लू जिले के नग्गर और आनी ब्लॉक की कुछ ग्राम पंचायतों में यह चुनाव कार्यक्रम लागू नहीं होगा। अन्य स्थानों पर कार्यरत कर्मचारी जो अपने क्षेत्र में मतदान करना चाहते हैं, उन्हें वोट डालने का प्रमाण पत्र दिखाने पर विशेष आकस्मिक अवकाश भी मिल सकेगा।