➤ हिमाचल पंचायत चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू, ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंचे प्रत्याशी
➤ 31,214 पदों के लिए 7, 8 और 11 मई को भरे जाएंगे नामांकन
➤ 26, 28 और 30 मई को तीन चरणों में होगा मतदान
हिमाचल Pradesh में पंचायत चुनाव को लेकर चुनावी माहौल पूरी तरह गर्म हो गया है। बुधवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही कई जगह प्रत्याशी ढोल-नगाड़ों और समर्थकों के साथ नामांकन भरने पहुंचे। इस दौरान उम्मीदवारों ने भीड़ जुटाकर शक्ति प्रदर्शन भी किया।
राज्य में कुल 31 हजार 214 पदों के लिए चुनाव कराए जाएंगे, जिनमें प्रधान, उप प्रधान, वार्ड सदस्य, बीडीसी और जिला परिषद सदस्य शामिल हैं। नामांकन प्रक्रिया 7, 8 और 11 मई को चलेगी। इसके बाद 12 मई को नामांकन पत्रों की छंटनी की जाएगी।
14 और 15 मई को उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे, जबकि 15 मई को दोपहर तीन बजे के बाद चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। इसी दिन यह भी साफ हो जाएगा कि किस पद पर कितने उम्मीदवार चुनाव मैदान में रहेंगे।
प्रदेश में मतदान तीन चरणों में 26, 28 और 30 मई को होगा। प्रधान, उप प्रधान और वार्ड सदस्य पदों की मतगणना पंचायत मुख्यालयों में मतदान वाले दिन ही की जाएगी। वहीं बीडीसी और जिला परिषद सदस्यों की मतगणना 31 मई को ब्लॉक स्तर पर होगी।
इस बार प्रदेश में 3,754 प्रधान, 3,754 उप प्रधान, 21,654 वार्ड सदस्य, 1,769 बीडीसी और 251 जिला परिषद सदस्य चुने जाएंगे। इन चुनावों में 50 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रदेशभर में 21,678 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे। जहां मतदाताओं की संख्या अधिक होगी, वहां सहायक मतदान केंद्र भी बनाए जाएंगे। महिला मतदान केंद्रों पर महिला कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी।
उधर, नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही जरूरी दस्तावेजों को लेकर कई उम्मीदवारों में असमंजस की स्थिति भी देखने को मिली। राज्य चुनाव आयोग के अनुसार नामांकन के साथ 10 तरह के दस्तावेज जमा करना अनिवार्य होगा। उम्मीदवारों को एआरओ से फॉर्म-18 लेना और पंचायत सचिव द्वारा जारी अन्य जरूरी फॉर्म भी भरने होंगे।



