Follow Us:

‘बम-बम भोले’ के जयकारों से गूंजी देवभूमि, सावन के मेले शुरू

समाचार फर्स्ट डेस्क |

प्रदेश भर में आज से सावन के मेले शुरू हो गए। सावन के पहले सोमवार पर शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालु सुबह से ही भगवान शिव के दर्शन और आशीर्वाद के लिए मंदिर में पहुंचने लगे थे। भक्तों ने शिवलिंग पर जल और दूध से अभिषेक किया और अपने अच्छे भविष्य की कामना की। बैजनाथ शिव मंदिर में सुबह से भक्तो की भीड़ लगी रही। संजोली स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में महिलाओं, बच्चों व वृद्ध ने पूजा अर्चना की। दिनभर मंदिरों में बम-बम भोले के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने शिव मंदिरों में जाकर दर्शन कर जलाभिषेक किया।

गौरतलब है कि पौराणिक गाथाओं के अनुसार सावन महीना भगवान शिव का दिन होता है और इस माह में सोमवार को विशेष महत्व होता है। सावन महीने का सोमवार काफी शुभ व फलदायी माना जाता है। मनोकामना पूर्ण करने के  लिए सोमवार का व्रत काफी लाभदायक माना जाता है।

सावन के सोमवार पर रखे गए व्रतों की महिमा अपरंपार है। जब सती ने अपने पिता दक्ष के निवास पर शरीर त्याग दिया था, उससे पूर्व महादेव को हर जन्म में पति के रूप में पाने का प्रण किया था। पार्वती ने सावन के महीने में ही निराहार रह कर कठोर तप किया और भगवान शिव को पा लिया। इसलिए यह मास विशेष हो गया और पूरे महीने वातावरण शिवमय हो गया।