Follow Us:

KNH शिफ्ट करने के फैसले पर बोलीं प्रतिभा सिंह, सरकार से करेंगी बात

कमला नेहरू अस्पताल शिफ्ट करने के फैसले पर बोलीं प्रतिभा सिंह

महिलाओं और नवजातों की सुविधा को देखते हुए सरकार से करेंगी बात

स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस पूरी मजबूती से उतरेगी: प्रतिभा सिंह


हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने शिमला के कमला नेहरू अस्पताल (KNH) को शिफ्ट करने के प्रस्तावित फैसले पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल विशेष रूप से महिलाओं और नवजात बच्चों की सुविधा के लिए बनाया गया था और इसे दूसरी जगह स्थानांतरित करने से आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

प्रतिभा सिंह ने यह बात शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में आयोजित एक प्रदर्शनी में शिरकत करने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान कही। उन्होंने कहा कि कमला नेहरू अस्पताल वर्षों से राजधानी और आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थान के रूप में कार्य कर रहा है। ऐसे में अस्पताल को शिफ्ट करने के फैसले पर जनता की चिंताओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अस्पताल के स्थानांतरण को लेकर जनता के बीच विरोध देखने को मिल रहा है। खासकर प्रसूताओं और उनके परिजनों को इससे असुविधा हो सकती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह इस विषय को सरकार के समक्ष उठाएंगी और जनहित को ध्यान में रखते हुए उचित समाधान निकालने का प्रयास करेंगी।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि किसी भी स्वास्थ्य संस्थान से लोगों की भावनाएं जुड़ी होती हैं और सरकार को फैसला लेते समय आम जनता की सुविधा और पहुंच को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस विषय पर सरकार से बातचीत कर लोगों की समस्याओं को सामने रखा जाएगा।

वहीं, आगामी जिला परिषद और स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर भी प्रतिभा सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को चुनाव लड़ने और आगे बढ़ने का अधिकार है। भाजपा द्वारा जिला परिषद चुनाव पार्टी के नाम पर लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह कोई नई बात नहीं है और राजनीतिक दल चुनावों में अपनी रणनीति के तहत काम करते हैं।

उन्होंने कहा कि लोग अपने सपनों और जनता की सेवा के उद्देश्य से चुनाव मैदान में उतरते हैं। प्रतिभा सिंह ने सभी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी आगामी चुनावों में पूरी मजबूती और संगठनात्मक ताकत के साथ मैदान में उतरेगी।

हाल ही में पांच राज्यों के चुनाव परिणामों और भविष्य की रणनीति को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस हाईकमान चुनावी कमियों और भविष्य की रणनीति पर गंभीरता से विचार करेगा।