➤ बतौर सैन्य चिकित्सक महू के मिलिट्री अस्पताल में देंगे सेवाएं
➤ क्षेत्र के युवाओं के लिए बने प्रेरणा, परिवार और इलाके में खुशी का माहौल
नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के तहत पंचायत मुहालकड़ के वार्ड नंबर-3 गांव गदियाड़ा के होनहार युवा डॉक्टर अनीश अंगारिया भारतीय सेना में कैप्टन बन गए हैं। कैप्टन बनने के बाद अब वह महू स्थित मिलिट्री अस्पताल में अपनी सेवाएं देंगे। खास बात यह है कि उनका चयन बतौर चिकित्सक हुआ है, जिसके तहत वह देश की सेवा के साथ सैनिकों के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी भी निभाएंगे।
डॉक्टर अनीश की इस उपलब्धि से पूरे नगरोटा बगवां क्षेत्र में खुशी का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने इसे इलाके के लिए गर्व का क्षण बताया है। उनकी सफलता ने न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
अनीश अंगारिया की प्रारंभिक शिक्षा सेंट एडवर्ड स्कूल शिमला से हुई। इसके बाद उन्होंने नौवीं से बारहवीं तक की पढ़ाई गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-35 बी चंडीगढ़ से पूरी की। छात्र जीवन से ही वह पढ़ाई में मेधावी रहे और मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने का लक्ष्य तय कर लिया था।
स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने पंडित जवाहर लाल नेहरू गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज चंबा से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की। कठिन प्रतिस्पर्धा और निरंतर मेहनत के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।
डॉक्टर अनीश के पिता त्रिलोक चौधरी नेशनल इंश्योरेंस ऊना में वरिष्ठ शाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता सरिता चौधरी गवर्नमेंट माध्यमिक स्कूल चाहड़ी में शिक्षिका हैं। उनकी छोटी बहन रिद्धिमा बीडीएस द्वितीय वर्ष की छात्रा हैं।
डॉक्टर अनीश ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और मार्गदर्शकों को दिया है। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है और यह संदेश देती है कि मेहनत, अनुशासन और समर्पण से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।



