Follow Us:

धर्मशाला में आज IPL का बड़ा मुकाबला, लेकिन मौसम ने बढ़ाई फैंस की टेंशन

धर्मशाला में PBKS-DC मुकाबले पर मौसम का संकट

आंधी-तूफान और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी

मैदान पर कवर्स बिछाए गए, टॉस में देरी संभव


हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत शहर धर्मशाला में आज होने वाले IPL 2026 के अहम मुकाबले पर मौसम का खतरा मंडरा रहा है। सोमवार शाम पंजाब किंग्स (PBKS) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच होने वाले 55वें मैच से पहले बारिश और तूफान ने क्रिकेट प्रेमियों की चिंता बढ़ा दी है। यह मुकाबला शाम 7:30 बजे से एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला में खेला जाना है, लेकिन मौसम विभाग की चेतावनी ने रोमांच के साथ अनिश्चितता भी बढ़ा दी है।

बीती रात धर्मशाला समेत हिमाचल के कई हिस्सों में तेज बारिश, आंधी और तूफान देखने को मिला। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए कांगड़ा जिला में बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जारी करते हुए यलो अलर्ट घोषित किया है। ऐसे में मैच के दौरान भी मौसम बिगड़ने की आशंका बनी हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार शाम के समय बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इससे मैच के टॉस में देरी हो सकती है और जरूरत पड़ने पर ओवरों में कटौती भी करनी पड़ सकती है। हालांकि धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम का ड्रेनेज सिस्टम देश के बेहतरीन सिस्टमों में गिना जाता है, लेकिन लगातार बारिश की स्थिति में मुकाबला कराना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

संभावित बारिश को देखते हुए स्टेडियम प्रबंधन ने पहले से ही पिच और आउटफील्ड के बड़े हिस्से को कवर्स से ढक दिया है। ग्राउंड स्टाफ लगातार मौसम पर नजर बनाए हुए है ताकि बारिश रुकते ही मैदान को जल्द खेलने लायक बनाया जा सके।

बारिश के चलते धर्मशाला के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। बीती रात पारा करीब दो डिग्री तक नीचे आ गया, जबकि दिन के तापमान में भी तीन से चार डिग्री तक गिरावट का अनुमान है। इससे शाम के समय खिलाड़ियों और दर्शकों को ठंडक का अहसास होगा।

मौसम का असर सिर्फ आज के मुकाबले तक सीमित नहीं है। 14 मई को इसी मैदान पर पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला खेला जाना है, लेकिन उस दिन भी बारिश और तूफान की आशंका जताई गई है। ऐसे में धर्मशाला में IPL के रोमांच पर मौसम भारी पड़ता नजर आ रहा है।

अगर टीमों के रिकॉर्ड की बात करें तो दोनों टीमें अब तक 35 बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इनमें पंजाब किंग्स ने 18 मुकाबले जीते हैं, जबकि दिल्ली कैपिटल्स को 16 मैचों में जीत मिली। एक मुकाबला टाई रहा था, जिसे पंजाब ने अपने नाम किया था।

दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है। पिछले मैच में पंजाब से हार झेलने के बाद दिल्ली की टीम के लिए प्लेऑफ की उम्मीदें बनाए रखने को यह मैच जीतना जरूरी है। वहीं पंजाब किंग्स जीत के साथ अपनी स्थिति और मजबूत करना चाहेगी।