➤ मोहाली में ट्रक की टक्कर के बाद पलटी हिमाचल की निजी बस
➤ हादसे में 20 से ज्यादा यात्री घायल, एक युवक बस के नीचे दबा
➤ मनाली से दिल्ली जा रही थी बस, हाईवे पर 2 घंटे लगा जाम
पंजाब के मोहाली जिले में शुक्रवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। जीरकपुर के छत लाइट चौक के पास मनाली से दिल्ली जा रही यात्रियों से भरी एक निजी बस ट्रक की टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

हादसे के समय बस में करीब 45 यात्री सवार थे। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि एक युवक बस के नीचे आ गया, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा सुबह के समय हुआ, जब बस जीरकपुर के छत लाइट चौक के पास पहुंची। इसी दौरान पटियाला की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बस चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क पर पलट गई। बस पलटने के कारण कई यात्री सीटों से उछलकर नीचे गिर गए, जबकि कुछ लोग बस के अंदर ही फंस गए।

हादसे में एक युवक बस के नीचे दब गया। बताया जा रहा है कि उसकी बाजू गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुई है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। अन्य घायलों को भी गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

सड़क सुरक्षा पुलिस के छह कर्मचारियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को पहले डेराबस्सी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कई गंभीर घायलों को चंडीगढ़ के सेक्टर-32 अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है।

हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। बस करीब दो घंटे तक सड़क के बीचों-बीच पलटी पड़ी रही, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में हाइड्रा मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटाया गया और यातायात बहाल किया गया।

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



