➤ हिमाचल में अगले दो दिन मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान
➤ 19 मई से फिर बदलेगा मौसम, कई जिलों में बारिश और अंधड़ के आसार
➤ अगले 5 दिनों में तापमान 5 डिग्री तक बढ़ने की संभावना
हिमाचल में फिलहाल लोगों को मौसम से थोड़ी राहत मिलने जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में अगले दो दिन तक मौसम साफ बना रहेगा, लेकिन 19 मई से एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम करवट बदल सकता है। विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और तेज अंधड़ चलने की संभावना जताई है। इसे लेकर कई जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
रविवार को राजधानी शिमला समेत प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मौसम साफ बना रहा। धूप खिलने से लोगों को लगातार हो रही बारिश और ठंड से राहत मिली। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली। विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 19, 20 और 21 मई को राज्य के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 22 और 23 मई को कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने 19 से 23 मई के बीच चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों के कुछ क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने की चेतावनी दी है। इसे देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों और किसानों-बागवानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
उधर, अगले चार से पांच दिनों के दौरान प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। वहीं अधिकतम तापमान में भी 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि दर्ज की जा सकती है। गर्मी बढ़ने के संकेतों के बीच शनिवार को ऊना प्रदेश का सबसे गर्म क्षेत्र रहा, जहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में भी बदलाव दर्ज किया गया। शिमला में न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सुंदरनगर में 17.1, धर्मशाला में 18.1, मंडी में 17.9 और सोलन में 15.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। वहीं जनजातीय और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अभी भी ठंड का असर बना हुआ है। केलांग में न्यूनतम तापमान 4.4 और कुकुमसेरी में 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी से गर्मी का असर बढ़ सकता है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण बीच-बीच में बारिश और तेज हवाओं का दौर भी जारी रह सकता है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग के अपडेट पर लगातार नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।



