Follow Us:

तीसरी से छठी कक्षा तक पाठ्यक्रम में किया बदलाव, जानें

➤ जून-जुलाई 2026 की एसए-1 परीक्षाओं के लिए नया सिलेबस विभाजन जारी
➤ तीसरी से छठी कक्षा तक संशोधित पाठ्यक्रम के अनुसार होंगी परीक्षाएं
➤ छठी कक्षा में पहले 50 प्रतिशत सिलेबस से होंगे प्रश्न


हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में जून-जुलाई 2026 में प्रस्तावित होने वाली समेटिव असेसमेंट (एसए)-1 परीक्षाओं को लेकर शिक्षा विभाग ने नया सिलेबस विभाजन जारी कर दिया है। राज्य परियोजना निदेशक की ओर से जारी आदेशों में तीसरी, चौथी, पांचवीं और छठी कक्षा के विद्यार्थियों के लिए संशोधित पाठ्यक्रम के अनुसार परीक्षा करवाने के निर्देश दिए गए हैं।

जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार कक्षा छठी के विद्यार्थियों की एसए-1 परीक्षा में पूरे पाठ्यक्रम का पहला 50 प्रतिशत हिस्सा शामिल किया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा प्रश्नपत्र इसी निर्धारित विभाजन के आधार पर तैयार किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई और तैयारी में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

शिक्षा विभाग की ओर से कक्षा छठी के ड्राइंग विषय के लिए भी अलग से विस्तृत पाठ्यक्रम विभाजन जारी किया गया है। वहीं समग्र शिक्षा अभियान के तहत पहली से पांचवीं कक्षाओं तक के लिए भी सिलेबस का विभाजन तय किया गया है।

हालांकि विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि पहली, दूसरी, सातवीं और आठवीं कक्षा के लिए पहले से लागू पाठ्यक्रम व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इन कक्षाओं के विद्यार्थी पूर्व निर्धारित सिलेबस के अनुसार ही परीक्षा देंगे।

राज्य परियोजना निदेशक राजेश शर्मा ने कहा कि नए सिलेबस विभाजन से स्कूलों को परीक्षा तैयारियों में स्पष्टता मिलेगी। साथ ही विद्यार्थियों को भी यह समझने में आसानी होगी कि उन्हें परीक्षा के लिए किस हिस्से की तैयारी करनी है। विभाग का मानना है कि इससे पढ़ाई अधिक व्यवस्थित तरीके से हो सकेगी और परीक्षा प्रक्रिया भी सुचारु रहेगी।