➤ नागचला फोरलेन पर दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत
➤ मोटरसाइकिल की टक्कर के बाद सड़क किनारे खड़े वाहन से भी जा भिड़ी बाइक
➤ एक घायल का मेडिकल कॉलेज नेरचौक में उपचार जारी, पुलिस जांच में जुटी
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। ट्रैफिक टूरिस्ट पुलिस स्टेशन (TTPS) नेरचौक के अंतर्गत नागचला फोरलेन पर हुए इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार मेडिकल कॉलेज नेरचौक में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला किन्नौर निवासी इमान नेगी अपने साथी मनोज कुमार के साथ परवाणू से जोगिंदरनगर सामान पहुंचाने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान नागचला स्थित लोहे के फुटब्रिज के समीप दोनों सड़क पार कर दूसरी ओर गए थे। बताया जा रहा है कि जब वे वापस लौट रहे थे और मनोज कुमार फोरलेन पार कर रहा था, तभी नागचला की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक मोटरसाइकिल ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खड़े एक वाहन से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत मेडिकल कॉलेज नेरचौक पहुंचाया गया।
हादसे में घायल हुए राजीव कुमार और प्रदीप कुमार, जो मोटरसाइकिल पर सवार थे, गंभीर रूप से घायल हो गए। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। वहीं, टक्कर की चपेट में आए मनोज कुमार का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।
मृतकों की पहचान राजीव कुमार निवासी मराथू, तहसील सदर, जिला मंडी और प्रदीप कुमार निवासी चंदा ननाव, तहसील सदर, जिला मंडी के रूप में हुई है। दोनों युवकों की असमय मौत से उनके गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज नेरचौक में करवाने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार प्राप्त शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125(ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। शुरुआती जांच में सड़क पार करने के दौरान दुर्घटना होने की बात सामने आई है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
यह हादसा एक बार फिर फोरलेन सड़कों पर सावधानी बरतने की आवश्यकता को रेखांकित करता है। विशेषकर व्यस्त राजमार्गों पर सड़क पार करते समय छोटी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।



