Follow Us:

जयपुर प्रदर्शन में कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके की धुनाई , युवकों ने मारे थप्पड़

जयपुर में प्रदर्शन के दौरान CJP फाउंडर अभिजीत दीपके को दो युवकों ने थप्पड़ मारे

हमले के बाद समर्थकों ने दोनों हमलावरों को पकड़कर की पिटाई

नीट पेपर लीक और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहा था प्रदर्शन


राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके पर प्रदर्शन के दौरान दो युवकों ने हमला कर दिया। शहीद स्मारक पर आयोजित विरोध प्रदर्शन के बीच भीड़ में घुसे युवकों ने अभिजीत दीपके को थप्पड़ मार दिए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और प्रदर्शन में शामिल समर्थकों ने दोनों युवकों को पकड़कर उनकी पिटाई कर दी।

जानकारी के अनुसार, अभिजीत दीपके नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने जयपुर पहुंचे थे। उनकी अगुवाई में सैकड़ों युवा और समर्थक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान समर्थक अभिजीत को कंधों पर बैठाकर मंच की ओर ले जा रहे थे, तभी भीड़ में मौजूद दो युवकों ने अचानक उनके पास पहुंचकर थप्पड़ मार दिए।

घटना के बाद समर्थकों में भारी नाराजगी देखने को मिली। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट की। पुलिस और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

हमले के बाद अभिजीत दीपके ने मंच से प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश में हिंदू-मुस्लिम और जाति-धर्म की राजनीति नहीं चलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश को आजादी बड़ी कुर्बानियों के बाद मिली है और युवाओं को ऐसे मुद्दों में उलझने के बजाय शिक्षा, रोजगार और भ्रष्टाचार जैसे वास्तविक मुद्दों पर एकजुट होना चाहिए।

अभिजीत दीपके ने अपने संबोधन में घोषणा की कि 20 जून को एक बार फिर दिल्ली कूच किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि इस बार आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक शिक्षा मंत्री का इस्तीफा नहीं हो जाता। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने “दिल्ली चलो” और “पेपर लीक बंद करो” जैसे नारे लगाए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।

प्रदर्शन के दौरान कुछ युवकों के बीच नारेबाजी को लेकर भी विवाद हो गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया। वहीं कई प्रदर्शनकारियों ने अपने मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायत भी की। इसके बाद मंच से लोगों से अपने सामान और मोबाइल की सुरक्षा करने की अपील की गई।

धरना स्थल पर बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और बच्चे भी मौजूद रहे। कई प्रदर्शनकारी हाथों में तिरंगा और भ्रष्टाचार विरोधी संदेश लिखे पोस्टर लेकर पहुंचे थे। प्रदर्शनकारियों ने शहीद स्मारक के गेट पर प्रतीकात्मक रूप से कॉकरोच की तस्वीर बनाकर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर नारे भी लिखे।

घटना ने प्रदर्शन के मूल मुद्दों से ज्यादा सुरक्षा व्यवस्था और राजनीतिक विरोध प्रदर्शनों में बढ़ती आक्रामकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मामले को लेकर पुलिस की ओर से जांच की जा रही है।