➤ रोहतांग मार्ग पर पर्यटकों की कार 200 फीट गहरी खाई में गिरी
➤ हादसे में मां और 11 माह के मासूम बेटे की दर्दनाक मौत
➤ एक महिला घायल, पुलिस ने शुरू की दुर्घटना की जांच
केलांग/मनाली। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में रोहतांग मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां और उसके 11 माह के मासूम बेटे की जान चली गई। हादसा उस समय हुआ जब पर्यटकों की कार कोकसर से करीब चार किलोमीटर दूर धारा वाटरफॉल के पास अनियंत्रित होकर लगभग 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में एक अन्य महिला घायल हुई है, जिसका उपचार मनाली अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार पर्यटक मनाली से अटल टनल होते हुए रोहतांग दर्रा घूमने जा रहे थे। रास्ते में धारा वाटरफॉल के निकट प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के लिए वाहन को सड़क किनारे रोका गया। बताया जा रहा है कि चालक समेत कुछ पर्यटक वाहन से बाहर उतर गए थे, जबकि कार के भीतर दो महिलाएं और एक 11 माह का बच्चा मौजूद था।
इसी दौरान अचानक वाहन ढलान की ओर खिसकने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार बैक गियर में पीछे की ओर लुढ़की और कुछ ही क्षणों में सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना अचानक हुआ कि मौके पर मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। वाहन के खाई में गिरते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। मनाली अस्पताल में चिकित्सकों ने तनु कुमारी (26) पत्नी दीपक कुमार सिंह और उनके 11 माह के पुत्र दक्ष कुमार सिंह को मृत घोषित कर दिया। दोनों हरियाणा के गुरुग्राम स्थित सियाराम एन्क्लेव के निवासी थे।
हादसे में घायल सविता देवी (52) पत्नी मनोज सिंह, निवासी वैशाली (बिहार) का मनाली के सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में पर्यटन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की अहमियत को सामने लाया है। रोहतांग मार्ग पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं और प्राकृतिक स्थलों पर वाहन रोककर नजारों का आनंद लेते हैं। हालांकि थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।
पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में वाहन के फिसलकर खाई में गिरने की बात सामने आई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वाहन सुरक्षित स्थिति में खड़ा किया गया था या नहीं तथा हादसे के पीछे कोई तकनीकी कारण तो नहीं था।
इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है, जबकि क्षेत्र में भी हादसे को लेकर गहरा दुख व्यक्त किया जा रहा है।



