➤ 20 से 22 जून तक नीट अभ्यर्थियों को मिलेगी निशुल्क बस यात्रा सुविधा
➤ एडमिट कार्ड दिखाकर परीक्षा केंद्र तक और वापस कर सकेंगे सफर
➤ सुविधा केवल एचआरटीसी की साधारण बसों में होगी मान्य
हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। निगम ने परीक्षार्थियों को उनके निवास स्थान से परीक्षा केंद्र तक और वापस आने के लिए मुफ्त यात्रा सुविधा देने का निर्णय लिया है।
एचआरटीसी प्रबंधन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार यह सुविधा 20 जून से 22 जून 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इसका उद्देश्य दूरदराज के क्षेत्रों से परीक्षा देने आने वाले छात्रों को सुगम और किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।
निगम ने स्पष्ट किया है कि यह सुविधा केवल एचआरटीसी की साधारण बसों में ही लागू होगी। यात्रा के दौरान अभ्यर्थियों को अपना नीट एडमिट कार्ड साथ रखना और कंडक्टर को दिखाना अनिवार्य होगा। यही एडमिट कार्ड उनकी पहचान, निवास स्थान और परीक्षा केंद्र के प्रमाण के रूप में मान्य होगा।
निर्देशों के मुताबिक अभ्यर्थी इस सुविधा का लाभ केवल एक बार परीक्षा केंद्र जाने और एक बार वापस लौटने के लिए ही उठा सकेंगे। सुविधा के दुरुपयोग को रोकने के लिए संबंधित कंडक्टर एडमिट कार्ड पर यात्रा संबंधी आवश्यक प्रविष्टि करेंगे।
एचआरटीसी ने सभी यूनिट अधिकारियों और कंडक्टरों को यात्रियों का पूरा रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए हैं। यात्रा की तारीख, अभ्यर्थियों की संख्या और किराया राशि का विवरण संकलित कर प्रधान कार्यालय को भेजा जाएगा।
उप प्रबंधक (सीपी/आईटी) राजेश शर्मा ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
यात्रा के लिए आवश्यक शर्तें
- केवल एचआरटीसी की साधारण बसों में मिलेगी सुविधा
- नीट एडमिट कार्ड दिखाना अनिवार्य
- एक बार परीक्षा केंद्र जाने और एक बार लौटने की अनुमति
- सुविधा 20 जून से 22 जून तक मान्य
- एडमिट कार्ड पर कंडक्टर द्वारा यात्रा का रिकॉर्ड दर्ज किया जाएगा



