Follow Us:

भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में मिशन-2027 पर मंथऩ

भाजपा कोर ग्रुप ने मिशन-2027 की रणनीति पर शुरू किया मंथन
संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और जनसंपर्क अभियान पर रहा फोकस
राजीव बिंदल ने राम मंदिर मुद्दे पर कांग्रेस की राजनीति पर उठाए सवाल


हिमाचल प्रदेश भाजपा की कोर ग्रुप बैठक मंगलवार को शिमला के चक्कर स्थित पार्टी मुख्यालय ‘दीप कमल’ में शुरू हुई। बैठक में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत बनाने, चुनावी रणनीति तैयार करने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों पर व्यापक चर्चा की जा रही है।

वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में रणनीति पर मंथन

बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की। इसमें प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह-प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और संगठन के प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने, सदस्यता अभियान को गति देने और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस सरकार के खिलाफ आंदोलन की रणनीति और आगामी कार्ययोजना को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना भी जताई जा रही है।

अभी से शुरू हुई मिशन-2027 की तैयारी

भाजपा ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी का फोकस कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने, जनसंपर्क अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने और विभिन्न जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति पर रहेगा।

राम मंदिर पर कांग्रेस को घेरा

बैठक शुरू होने से पहले डॉ. राजीव बिंदल ने राम मंदिर मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक राम मंदिर निर्माण का विरोध किया, लेकिन अब राजनीतिक लाभ के लिए भगवान राम के प्रति आस्था दिखाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता कांग्रेस की कथनी और करनी के अंतर को अच्छी तरह समझती है।