Follow Us:

पति ने पत्नी को चाकू मार 100 मीटर गहरी खाई में फेंका, घायल महिला ने बचाई जान, पति समेत तीन गिरफ्तार

देहुंघाट में महिला की हत्या की साजिश नाकाम, पति समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
चाकू से हमला कर 100 मीटर गहरी खाई में फेंका, घायल महिला ने बचाई जान
घटना के महज आधे घंटे के भीतर पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोचा


सोलन। जिला सोलन के देहुंघाट क्षेत्र में महिला की हत्या की सनसनीखेज साजिश का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने वारदात के महज आधे घंटे के भीतर महिला के पति समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि पति ने अपने सगे भाई और दोस्त के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की योजना बनाई थी।

पुलिस के अनुसार आरोपी दलीप कुमार अपनी पत्नी मोनिका को उत्तर प्रदेश से घूमने के बहाने सोलन लेकर आया। देहुंघाट के सुनसान इलाके में पहले उसके गले पर चाकू से हमला किया गया और इसके बाद उसे करीब 80 से 100 मीटर गहरी खाई में धक्का देकर मृत समझकर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

गंभीर रूप से घायल महिला ने हिम्मत नहीं हारी। वह किसी तरह झाड़ियों का सहारा लेकर खाई से बाहर निकली और बाईपास सड़क तक पहुंची। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना सदर सोलन और पुलिस चौकी सपरून की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी नरेश कुमार ने पुलिस को बताया कि उसने तीन युवकों को महिला के साथ संदिग्ध स्थिति में देखा था। पहले उसे लगा कि युवक महिला का गला दबा रहे हैं, लेकिन कुछ देर बाद उसने देखा कि तीनों महिला को सड़क से नीचे गहरी खाई में धक्का देकर नगाली की ओर भाग गए।

पुलिस को घटनास्थल पर पैराफिट के पास खून के निशान भी मिले। प्रत्यक्षदर्शी के बयान और मौके से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों का पीछा किया और नगाली के पास से उन्हें हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दलीप कुमार, उसके भाई शिवम और दोस्त मदन कुमार के रूप में हुई है। तीनों उत्तर प्रदेश के निवासी हैं।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मोनिका और उसके पति दलीप कुमार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते दलीप ने अपने भाई और दोस्त के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की साजिश रची। आरोपियों ने पहले चाकू से हमला किया और फिर हत्या की नीयत से महिला को गहरी खाई में फेंक दिया। वारदात के बाद तीनों उत्तर प्रदेश भागने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक सोलन तिरुमला राजू एसडी वर्मा ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। घटनास्थल से भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। साथ ही आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड का संबंधित राज्यों की पुलिस से सत्यापन कराया जा रहा है। मामले की गहन जांच जारी है।