Follow Us:

मासूम शर्मा , शिवजोत और एसी भारद्वाज ने बाल मेले में अपने गीतों से बांधा समां, विकास पुरुष श्री जीएस बाली को किया याद

➤ बाल मेला 2026 के समापन समारोह में सीएम सुक्खू ने नगरोटा को दी कई बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात
➤ शिवजोत, मासूम शर्मा, एसी भारद्वाज और कुमार साहिल की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
➤ नेताओं ने जी.एस. बाली को किया नमन, आर.एस. बाली के जनसेवा प्रयासों की सराहना


नगरोटा। विकास पुरुष श्री जीएस बाली बाल मेला 2026 के अंतिम दिन नगरोटा के ऐतिहासिक गांधी मैदान में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मशहूर पंजाबी गायक शिवजोत, हरियाणवी गायक मासूम शर्मा और हिमाचल की शान एसी भारद्वाज ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह का भरपूर मनोरंजन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए नगरोटा बगवां के लिए कई विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने करोड़ों रुपये की लागत से मॉडल पुलिस स्टेशन एवं पुलिस आवास, ओल्ड एज होम तथा ऑडिटोरियम की आधारशिला रखी। साथ ही बड़ोह में मिनी सचिवालय, पुलिस चौकी को पुलिस थाना तथा सेराथाना हेल्थ सेंटर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में स्तरोन्नत करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में नगरोटा बगवां के विकास में विकास पुरुष श्री जीएस बाली के योगदान को भी श्रद्धापूर्वक याद किया।

अपने संबोधन के दौरान सभी नेताओं एवं कलाकारों ने विकास पुरुष श्री जीएस बाली को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें याद किया। साथ ही उन्होंने पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली का आभार व्यक्त किया, जो बाल मेले की इस गौरवशाली विरासत को भव्यता के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। कलाकारों ने कहा कि वे स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें बाल मेले जैसे प्रतिष्ठित मंच पर प्रस्तुति देने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि आरएस बाली न केवल इस आयोजन को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहे हैं, बल्कि अनेक प्रतिभाओं को भी मंच प्रदान कर रहे हैं, जो आने वाली युवा पीढ़ी के लिए अत्यंत प्रेरणादायक और लाभकारी साबित होगा।

इस अवसर पर कांगड़ा के प्रसिद्ध गायक कुमार साहिल ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। उन्होंने कहा कि उन्हें जीवन का पहला मंच विकास पुरुष श्री जीएस बाली द्वारा प्रदान किया गया था, जिसके लिए वह सदैव उनके आभारी रहेंगे। वहीं स्थानीय प्रसिद्ध गायक रोहित बोहरा ने विकास पुरुष की स्मृति में रचित अपना विशेष गीत प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।

पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने सभी आमंत्रित गायकों के साथ-साथ नगरोटा बाल मेले के मंच पर प्रस्तुति देने वाले विभिन्न विद्यालयों से आए बच्चों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों तथा मिस्टर और मिस धौलाधार प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को कार्यक्रम में सहभागिता के लिए बधाई दी।

उन्होंने कहा कि बाल मेला सभी के सामूहिक प्रयासों से प्रत्येक वर्ष सफलतापूर्वक आयोजित होता है, जिसमें सबसे महत्वपूर्ण भूमिका बाल मेला कमेटी निभाती है। उन्होंने बाल मेला 2026 के सफल आयोजन के लिए सभी को हार्दिक बधाई दी तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए कई दिनों से निरंतर कार्य कर रहे प्रत्येक व्यक्ति के प्रति अपना आभार व्यक्त किया।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सोमवार को स्वर्गीय जी.एस. बाली की 72वीं जयंती के अवसर पर बाल मेला समिति द्वारा गांधी ग्राउंड, नगरोटा बगवां में आयोजित 24वें बाल मेले में शामिल हुए। इस अवसर पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर भी उनके साथ मौजूद रहे।


उपमुख्यमंत्री ने स्वर्गीय जी.एस. बाली को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने नगरोटा बगवां सहित पूरे क्षेत्र के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और जी.एस. बाली दोनों ही विकास और जनकल्याण की राजनीति के प्रतीक थे। प्रदेश सरकार भी इसी सोच के साथ लोगों के हित में काम कर रही है।


लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अपने स्वर्गीय पिता एवं हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह एवं विकासपुरुष श्री जी एस बाली के रिश्ते को याद किया एवं कहा की जब पूर्व मुख्यमंत्री को कोई असंभव काम कराना होता था तो जो मिनिस्टर उन्हें याद आते थे वो हमेशा विकासपुरुष जी एस बाली ही होते थे और काम हो भी जाता था.
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि स्वर्गीय जी.एस. बाली ने विकास की जो पहचान बनाई, उसी परंपरा को रघुवीर सिंह बाली आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वे क्षेत्र के लोगों की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि जी.एस. बाली का सार्वजनिक जीवन विकास और जनसेवा के लिए सदैव याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनके कार्य आज भी लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
इससे पहले गांधी ग्राउंड पहुंचने पर पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं विधायक रघुवीर सिंह बाली, हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री, उद्योग मंत्री और शिक्षा मंत्री का स्वागत किया।
रघुवीर सिंह बाली ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश के तीनों वरिष्ठ नेता जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के नेतृत्व में शिक्षा क्षेत्र में हुए सुधारों की भी सराहना की।
इस अवसर पर पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सुरेंद्र काकू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे