Follow Us:

हिमाचल में नई स्वास्थ्य बीमा नीति जल्द लागू, 10 लाख परिवारों को मिलेगा 10 लाख तक का कवर

नई स्वास्थ्य बीमा नीति में 10 लाख परिवार होंगे शामिल
हर परिवार को मिलेगा 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर


हिमाचल प्रदेश सरकार राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा बदलाव करने जा रही है। हिमकेयर योजना की जगह नई स्वास्थ्य बीमा नीति अगले दो से तीन माह के भीतर लागू करने की तैयारी शुरू हो गई है। नई नीति के तहत प्रदेश के करीब 10 लाख परिवारों को शामिल किया जाएगा और प्रत्येक पात्र परिवार को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर मिलेगा। सरकार का दावा है कि यह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बेहतर और सुलभ उपचार सुनिश्चित करेगी।

मंगलवार को शिमला में आयोजित स्वास्थ्य विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नई स्वास्थ्य बीमा नीति को जल्द लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है ताकि कोई भी व्यक्ति पैसों की कमी के कारण इलाज से वंचित न रहे।

नई नीति के तहत वर्तमान हिमकेयर योजना के लाभार्थियों के डेटा की छंटनी की जाएगी। पात्र परिवारों को नई योजना में शामिल किया जाएगा, जबकि सरकारी कर्मचारी और पेंशनर, जिन्हें पहले से चिकित्सा बिलों की प्रतिपूर्ति का लाभ मिलता है, उन्हें इस योजना से बाहर रखा जा सकता है।

सरकार जल्द ही नई स्वास्थ्य बीमा नीति के लिए टेंडर आमंत्रित करेगी। इस योजना की खास बात यह होगी कि बीमा कंपनियों पर सरकार का सीधा नियंत्रण रहेगा। मरीज के इलाज पर होने वाले खर्च की जांच बीमा कंपनी के अधिकारी करेंगे, जिससे फर्जी बिलिंग और अनियमितताओं पर अंकुश लगाया जा सके।

नई योजना के तहत प्रदेश के बड़े और उच्च स्तरीय निजी एवं सरकारी अस्पतालों को भी सूचीबद्ध किया जाएगा। इससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं तक आसान पहुंच मिलेगी और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बड़े अस्पतालों का विकल्प उपलब्ध होगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला अस्पतालों और सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों की स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत बनाया जाए। उन्होंने एम्स नई दिल्ली के मानकों के अनुरूप आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की खरीद सुनिश्चित करने और सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों के रेडियोलॉजी विभागों को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करने के भी निर्देश दिए।

सरकार का कहना है कि यह नई स्वास्थ्य बीमा नीति प्रदेश के गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए राहत साबित होगी। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इतनी व्यापक स्वास्थ्य बीमा सुविधा उपलब्ध कराने वाला हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।