Follow Us:

कुल्‍लू में पुल की रेलिंग से टकराई बाइक, नाले में गिरने से दो युवकों की मौत

पतलीकूहल के पास देर रात पुल की रेलिंग से टकराई बाइक, दो युवकों की मौके पर मौत

राजस्थान और पंजाब के रहने वाले दोनों युवक कुल्लू में सेब पैकेजिंग का काम कर रहे थे

पुलिस ने BNS की धाराओं में मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू की


पतलीकूहल (कुल्लू)। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। पतलीकूहल के समीप एक बाइक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक पुल से नीचे बड़ाग्रां नाले में जा गिरे। अंधेरा होने के कारण काफी देर तक किसी को हादसे की जानकारी नहीं मिल सकी।

जानकारी के अनुसार दोनों युवक कुल्लू क्षेत्र में मजदूरी करते थे और इन दिनों सेब की पैकेजिंग का कार्य कर रहे थे। हादसे के समय दोनों बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी बाइक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गई और दोनों गहरे नाले में जा गिरे।

राहगीरों की सतर्कता से हुआ हादसे का खुलासा

रात करीब 11:40 बजे बंजार उपमंडल के थ्रींबला गांव निवासी प्रशांत अपने मित्र विनय कुमार के साथ पराशर से मनाली लौट रहे थे। पुल के पास सड़क पर एक बाइक (HP34E-6538) गिरी हुई देखकर उन्हें संदेह हुआ। दोनों ने मोबाइल की रोशनी से नीचे नाले में देखा तो एक व्यक्ति पानी में पड़ा दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने बिना देर किए पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से देर रात ही रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। तलाशी के दौरान पहले एक युवक और फिर कुछ दूरी पर दूसरा युवक नाले से बरामद हुआ। दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

राजस्थान और पंजाब के रहने वाले थे मृतक

पुलिस जांच में बाइक चालक की पहचान कृपा राम (30) पुत्र जेठा राम निवासी समदड़ी, जिला बालोतरा (राजस्थान) के रूप में हुई है। वहीं दूसरे युवक की पहचान विक्रम (24) निवासी पंजकोसी, जिला फाजिल्का (पंजाब) के रूप में हुई। दोनों कुल्लू में रोजगार के सिलसिले में रह रहे थे और सेब सीजन के दौरान पैकेजिंग कार्य में लगे हुए थे।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी मदन लाल कौशल ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106 के तहत मामला दर्ज कर दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसा तेज रफ्तार, सड़क की स्थिति या किसी अन्य कारण से हुआ।